मुजफ्फरनगर। नवरात्र में व्रत खोलने के लिए मां बेटी सहित तीन महिलाओं ने कुट्टू के आटे का सेवन किया। तीनों की हालत बिगड़ गई। तीनों को जिला अस्पताल में उपचार दिलाया गया है।
नई मंडी कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला कमल नगर कूकड़ा निवासी अनीता पत्नी ओमपाल व उसकी बेटी स्वाति ने नवरात्र में माता के नाम पर व्रत रखा था। बुधवार शाम दोनों ने कुट्टू के आटे के पराठे खाकर व्रत खोला। इसके कुछ देर बाद ही दोनों की हालत बिगड़नी शुरू हो गई। उन्हें चक्कर आने लगे तब परिजनों ने उन्हें जिला अस्पताल में लाकर उपचार दिलाया।
उधर, बुढ़ाना रोड निवासी मीनाक्षी पत्नी अनिल ने भी व्रत खोलने के लिए कुट्टू के आटे का सेवन किया। उसे भी चक्कर आने शुरू हो गए। उसे भी जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। बताया गया कि डाक्टरों ने तीनों को उपचार दिया, तो तीनों की हालत में सुधार हो गया। इसके बाद तीनों को घर भेज दिया गया।
उधर, बता दें कि एक मार्च को भी कुट्टू का आटा खाने से दो परिवारों के 12 से अधिक लोग बीमार हो गए थे। उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराकर उपचार दिलाया गया था। उस समय खाद्य विभाग जागा था लेकिन इसके बाद कोई कार्रवाई नहीं की गई।