मुजफ्फरनगर-सहारनपुर मार्ग पर रोहाना के पास बस और गाड़ी के बीच हुई भीषण भिड़ंत में दो लोगों की मौत हो गई। जबकि दो लोग घायल हो गए। सभी लोग देवबंद के गांव रणखेड़ी के निवासी थे। पुलिस ने घायलों को अस्पताल भिजवाया।
रविवार देर रात करीब नौ बजे एक गाड़ी में सवार चार लोग रोहाना से देवबंद की ओर जा रहे थे। जब उनकी कार डांडी की पुलिया के पास पहुंची तो तभी देवबंद की ओर से आ रही खतौली डिपो की रोडवेज बस से गाड़ी की आमने सामने की भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए।
हादसे की सूचना पाकर शहर कोतवाली और रोहाना पुलिस मौके परो पहुंची। राहगीरों की मदद से बड़ी मशक्कत के बाद सभी को बाहर निकाला। पुलिस ने सभी को अस्पताल पहुंचाया, जहां पर डॉक्टरों ने दो लोगों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने कार से मिले मोबाइल फोन से उनकी पहचान कराई।
पुलिस ने बताया कि सभी लोग देवबंद के गांव रणखंडी के निवासी है। मृतकों की पहचान मनोज पुत्र चंद्रपाल और पप्पू पुत्र राजपाल के रुप में हुई है, जबकि घायल बब्बू पुत्र सलेकचंद और अनुज पुत्र मौहल्लड़ बताए गए हैं। पुलिस ने बताया कि ये लोग रोहाना से अपने गांव रणखंडी जा रहे थे। दुर्घटना के बाद चालक बस को छोड़ कर फरार हो गया। दोनों वाहनों के दुर्घटनाग्रस्त होने के कारण इस मार्ग पर यातायात बाधित रहा। बाद में पुलिस ने वाहनों को हटवा कर उसे सुचारु कराया।