3700 दीपकों से जगमग होगा शहर
मुजफ्फरनगर। विश्व हिंदू परिषद ने अयोध्या में श्रीराम मंदिर शिलान्यास को लेकर जिले में बड़े स्तर पर तैयारी शुरू कर दी है। तुलसी पार्क में चार अगस्त की शाम साढे़ छह बजे सामूहिक हनुमान चालीसा का पाठ होगा। पांच अगस्त को रात आठ बजे छत, बालकनी आदि पर दीपक जलाए जाएंगे। इस अवसर पर भगवान श्रीराम का 11 बार उद्घोष किया जाएगा।
विहिप के विभाग अध्यक्ष ललित माहेश्वरी ने बताया कि 1983 में मुजफ्फरनगर में हुए विशाल हिंदू सम्मेलन के 37 साल बाद अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण हो रहा है। इस दिन को हम लोग दीपावली की तरह मनाएंगे। जिले में 3700 दीपक प्रज्ज्वलित करने का निर्णय लिया गया है। मंिदिर शिलान्यास की पूर्व संध्या पर चार अगस्त को शाम साढे़ छह बजे बजरंग दल और विहिप के कार्यकर्ता शिवचौक स्थित तुलसी पार्क में जुटेंगे। यहां राम दीपक का वितरण करने के साथ ही हनुमान चालीसा का सामूहिक पाठ होगा। श्री राम दीपक पांच अगस्त को सुबह सात बजे शहर के प्रमुख मंदिरों से भी मिल पाएंगे। पांच अगस्त को शाम आठ बजे लोग अपने घरों की छतों, बालकनी और द्वार पर इन दीपक को जलाएंगे। पांच मिनट के लिए सामूहिक जय श्रीराम का 11 बार जय घोष करेंगे। दीपावली की तरह घरों पर सजावट भी करें और ध्वनि विस्तारक का प्रयोग भी करेंगे।