लगातार चौथे दिन हुई भारी वर्षा से शहर तालाब बन गया। शिव चौक पर दो घंटे तक जलभराव के कारण मार्ग अवरुद्ध रहा। कई दुपहिया वाहन पानी में गिर गए। यहां आस-पास की मार्केट में दुकानों में भी पानी घुस गया। प्रकाश चौक, महावीर चौक, नईमंडी, गांधी कालोनी के बाजारों में भी पानी भरा रहा। शहर के निचले इलाकों की बस्तियों में लोगों के घरों में पानी घुस गया।
सोमवार को सुबह से ही आकाश में बादल छाए रहे। रिमझिम बारिश होती रही। दोपहर को लगभग दो बजे अचानक काली घटा छाई और तेज बारिश प्रारंभ हो गई। एक घंटा जोरदार पानी बरसा। तेज वर्षा से पूरा शहर में मानो तालाब बन गया। शिवचौक के हालात सबसे ज्यादा खराब रहे। शिवचौक के चारो ओर की मार्केट में भी पानी भर गया। एसडी मार्केट के सामने कई फुट पानी जमा हो गया। रुड़की रोड पर अंजुमन सिनेमा के सामने तक सड़क तालाब बन गई।
दाल मंडी और पान मंडी की दुकानों में पानी भर गया। दो घंटे तक लोगों को यहां परेशानियों का सामना करना पड़ा। अधिक पानी एकत्र होनेे के कारण काफी संख्या में दुपहिया वाहन चालक पानी में भी गिर गए। प्रकाश चौक पर नैनीताल बैंक के सामने सड़क पर अत्यधिक पानी भर गया। महावीर चौक तक जाने वाले मार्ग पर इतना पानी भरा कि दुकानों के अंदर तक घुस गया। महावीर चौक पर जाट कालोनी का मुख्य मार्ग पानी भरने से घंटों बंद रहा। यहां बिजली घर से लेकर पूर्व मंत्री योगराज सिंह के मकान तक सड़क पूरी तरह तालाब में नजर आई।
गांधी कालोनी और नईमंडी के बाजारों में भी पानी भरा दिखाई दिया। लगातार बारिश से शहर की कई कालोनियों की हालत खराब रही। साकेत कालोनी में हालात बेहद खराब रहे। यहां पानी निकासी नहीं होने से लोगों के घरों में घुस गया। इससे जुड़ी कालोनियों के भी यही हालात रहे। शहर की जनकपुरी, रामपुरी, मिमलाना रोड, शाहबुदीनपुर रोड, सरवट, खालापार, किदवईनगर में पानी, कीचड़ से लोग परेशान दिखाई दिए। शाम तक लोगों को अपने घरों से पानी निकालना पड़ा। बारिश से आम जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हुआ, बारिश के दौरान और उसके बाद यातायात व्यवस्था प्रभावित रही।
बारिश से बाजार हुआ प्रभावित
मुजफ्फरनगर। जन्माष्टमी के पर्व को लेकर सुबह से ही बाजारों में भारी भीड़ थी। दोपहर में तेज बारिश होने के कारण बाजार पूरी तरह प्रभावित हो गया। बारिश के बाद सड़कों पर पानी भर जाने के कारण बाजार में ग्राहकों में काफी कमी आ गई। लगभग चार घंटे तक बाजार बारिश के चलते प्रभावित रहा।
अंडरपास बन गया मुसीबत
मुजफ्फरनगर। बझेड़ी का अंडरपस गांव के लोगों के लिए मुसीबत बन गया है। अंडरपास में तीन फुट तक पानी भरा हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि बीते चार दिनों से अंडरपास का मार्ग पूरी तरह से बंद है। लगातार बारिश होने के कारण जितना पानी पंप से निकाला जाता है, उससे अधिक भर जाता है। गांव के बच्चे स्कूल नहीं जा पा रहे हैं। ग्रामीणों को लंबे रास्ते से घूमकर शहर जाना पड़ता है।