देवबंद(सहारनपुर)। नागरिकता संशोधन कानून, एनपीआर और प्रस्तावित एनआरसी के विरोध में चल रहा महिलाओं का धरना छठें दिन भी जारी रहा। इस दौरान महिला वक्ताओं ने शनिवार को पेश किए गए बजट पर चर्चा की और बेरोजगारी का मुद्दा भी उठाया, साथ ही सीएए से भविष्य में होने वाली परेशानियों की जानकारी दी गई है।
मुत्तहिदा ख्वातीन कमेटी के बैनर तले चल रहे धरना प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिलाओं के पहुंचने का सिलसिला शनिवार को भी जारी रहा। इस दौरान सहारनपुर की शमा शाहिद ने कहा कि संविधान में सबको धर्म के आधार पर बराबरी की समानता दी गई, लेकिन मौजूदा सरकार सीएए में धर्म को जोड़कर संविधान की धज्जियां उड़ा रही है। संविधान की प्रस्तावना पढ़ते हुए शमा ने महिलाओं को उसके कई आर्टिकल की जानकारी दी। अली शाह और हुस्ना अशफाक ने कहा कि सरकार यह समझ बैठी है की ट्रिपल तलाक पर शरीयत में दखलंदाजी कर महिलाओं को चुप करा दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि बेहतर हो सरकार खुद ही सीएए को समाप्त कराने के लिए सुप्रीम कोर्ट में आवेदन कर दें वरना देवबंद से उठी महिलाओं की आवाज दूर तक जाएगी। मुत्तहिदा ख्वातीन कमेटी की अध्यक्ष आमना रोशी ने कहा कि सरकार नागरिकता संशोधन कानून लाकर देश को धर्म के आधार पर बांटना चाहती है, जबकि वह युवाओं को रोजगार देने के मुद्दे पर खामोश है। बजट पर सवाल उठाते हुए कहा कि सरकार आगामी विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखकर बजट पेश कर रही है। वहीं, समाजवादी पार्टी के रामपुर मनिहारान विधानसभा प्रभारी जसबीर वाल्मीकि ने ईदगाह मैदान पहुंचकर धरने को समर्थन किया।
जामा मस्जिद को आधार और लाल किले को बताया आईडी कार्ड
देवबंद। सीएए के विरोध में बृहस्पतिवार की रात्रि विभिन्न मोहल्लों से महिलाएं कैंडल मार्च लेकर ईदगाह मैदान पहुंचीं। यहां उन्होंने सीएए और सरकार विरोधी नारेबाजी करते हुए धरने को अपना समर्थन दिया। महिलाओं के एक समूह द्वारा लाए गए बैनर पर सभी की निगाह टिकी रहीं। इसमें महिलाओं ने चार ऐतिहासिक इमारतों की फोटो लगाई थी। जिसमें उन्होंने जामा मस्जिद को अपना आधार कार्ड बताया, कुतुबमीनार को लाइसेंस, ताजमहल को पैनकार्ड, जबकि लालकिले को अपना आईडी कार्ड बताया।
एसएसपी ने किया दौरा, कानून व्यवस्था की समीक्षा की
देवबंद। महिलाओं के धरना प्रदर्शन को लेकर एसएसपी दिनेश कुमार प्रभु ने नगर का दौरा किया। उन्होंने कानून व्यवस्था की समीक्षा की तथा लोगों से शांति और सौहार्द बनाए रखने के साथ ही पुुलिस प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।
शनिवार को एसएसपी दिनेश कुमार प्रभु ने शाम करीब चार बजे कोतवाली का निरीक्षण किया और यहां कैंप कर रहे एसपी देहात विद्या सागर मिश्र, सीओ व अन्य अधिकारियों के साथ बैठक कर स्थिति की समीक्षा की। साथ ही निरीक्षक और उपनिरीक्षकों को निर्देश दिए कि वह संवेदनशीलता के साथ ड्यूटी करें और लंबित विवेचनाओं का जल्द निपटारा करें। निरीक्षण के उपरांत उन्होंने लोगों में भरोसा और विश्वास बनाए रखने के मद्देनजर नगर में पैदल गश्त भी किया। एसएसपी ने बताया कि महिलाओं का धरना उनके अपने इलाके में सुरक्षित स्थान पर चल रहा है। स्थिति एकदम सामान्य है और पुलिस पूरी तरह सतर्कता बरत रही है।