इंटर कॉलेज में मामले की जांच करने पहुंची पुलिस।
- फोटो : अमर उजाला
शहर में स्थित एसडी गर्ल्स इंटर कॉलेज में छात्रा से जाति पूछने के बाद कक्षा की अंतिम पंक्ति में बैठाए जाने का मामला सामने आया है। शिक्षिका के फैसले से आहत छात्रा ने अपना दर्द परिजनों को बताया। इस पर परिजनों ने मामले की शिकायत पुलिस से की। पुलिस ने प्रधानाचार्य से इस प्रकरण के संबंध में पूछताछ की है।
सनातन धर्म सभा भवन की गली में स्थित एसडी गर्ल्स इंटर कॉलेज में कक्षा सात की छात्रा से शिक्षिका ने उसकी जाति पूछी। आगे की पंक्ति में बैठी छात्रा ने नि:संकोच अध्यापिका को अपनी जाति से अवगत कराया। जाति जानने के बाद शिक्षिका ने छात्रा को कक्षा की अंतिम लाइन में बैठने के लिए कह दिया।
शिक्षिका के फैसले को सुन वह रोने लगी। छुट्टी के बाद घर पहुंची छात्रा ने अपना दर्द परिजनों को बताया। दुखी छात्रा ने स्कूल जाना बंद कर दिया। परिजनों ने बेटी के साथ हुए दुर्व्यवहार की शिकायत मंगलवार को स्कूल की प्रधानाचार्या रजनी गोयल से की। स्कूल प्रबंधन ने इस संबंध में कोई ठोस आश्वासन नहीं दिया।
निराश परिजनों ने आरोपी शिक्षिका के खिलाफ मामले में एक तहरीर शहर कोतवाली पुलिस को दी है। कोतवाली प्रभारी अनिल कपरवान ने स्कूल पहुंचकर प्रधानाचार्या रजनी गोयल और आरोपी शिक्षिका से पूछताछ की। पुलिस ने कहा कि पूरे मामले की तहकीकात अभी जारी है। छात्रा के परिजनों से पूरी जानकारी ली जाएगी।
इसके बाद ही कोई कार्रवाई तय होगी। इस संबंध में प्रधानाचार्या गोयल ने बताया कि कक्षा में छात्राएं आपस में बातचीत कर रही थीं। इसलिए शिक्षिका ने उक्त छात्रा को पीछे बैठने के लिए कह दिया था। मामला प्रबंध समिति के समक्ष रखा गया है। पूरे मामले की जांच के बाद ही सत्यता सामने आएगी।