युवक की संदिग्ध हालात में मौत का मामला उलझा
मुजफ्फरनगर। गांधी कॉलोनी में दोस्त के घर पर हुई युवक की संदिग्ध हालात में मौत का राज गहरा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में युवक की मौत हादसे में लगी चोटों से नहीं होने की पुष्टि हुई है। इसके चलते पुलिस ने अब शव का विसरा प्रिजर्व कर जांच के लिए भेजा है। वहीं, युवक के परिजनों ने इस मामले में कोई तहरीर नहीं दी है।
गांधी कॉलोनी स्थित गोलोक धाम के सेवादार पुष्पेंद्र सिंह के बेटे रितिक का शव पांच जून की शाम उसके दोस्त सत्यम के गली नंबर-17 स्थित घर से मिला था। शव के शरीर पर चोटों के निशान थे और उसकी क्षतिग्रस्त बाइक भी उसी घर से बरामद की गई थी। रितिक के दोस्त सत्यम व प्रत्यक्ष ने ही पुलिस को उसके शव की जानकारी दी थी। पूछताछ में दोनों ने रितिक का चार जून की देर रात एक बजे भोपा रोड स्थित एक मिष्ठान शॉप के पास एक्सीडेंट होने और उसके बाद सत्यम के घर आकर अगले दिन उसकी मौत होना बताया था। इस पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। इंस्पेक्टर नई मंडी अनिल कपरवान ने बताया कि शव की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में उसके शरीर पर हादसे की चोटें होने की तो पुष्टि हुई, लेकिन उसकी मौत उन चोटों की वजह से नहीं होना आया है। मौत का कारण स्पष्ट नहीं होने के कारण शव का विसरा प्रिजर्व कर जांच के लिए भेज दिया गया है। इंस्पेक्टर नई मंडी ने बताया कि मामले में रितिक के परिजनों ने भी किसी तरह की कोई तहरीर नहीं दी है। इसके चलते अब लैब से आने वाली विसरा रिपोर्ट के आधार पर ही युवक की मौत के संबंध में जानकारी मिल पाएगी, जिसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।