चुनाव जीतना है तो कोरोना पीड़ितों की मदद करो : स्वतंत्रदेव सिंह
मुजफ्फरनगर। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह ने पाटी के मंत्रियों और विधायकों से कहा कि चुनाव जीतना है तो कोरोना पीड़ितों की हर संभव मदद करो। उनके घर पहुंचों और उनके आंसू पोंछने का काम करो। 20 दिन लखनऊ को भूलकर अपनी विधानसभा क्षेत्र में ही रहो।
केंद्रीय राज्यमंत्री डॉ संजीव बालियान के आवास पर प्रदेश अध्यक्ष ने मौजूद सभी मंत्रियों और विधायकों से कहा कि वर्ष 2022 विधानसभा का चुनाव जीतना है तो जनता की पीड़ा हर लो। कोरोना महामारी में जान गंवाने वाले परिवारों के प्रति सहानुभूति रखो। हर तरह से परिवारों को मदद करो, जिन्हें आर्थिक मदद की जरूरत है उनकी आर्थिक मदद भी करो। कोरोना महामारी में मृतक अपनी विधानसभा क्षेत्र के लोगों की सूची बनाओ, जो लोग इस बीमारी में आर्थिक रूप से टूट चुके हैं उनकी सुध भी लो। 20 दिन तक लखनऊ को भूल जाओ, जिन लोगों ने अपने परिवार के सदस्यों को खोया है उनके घर जाओ। सरकारी योजनाओं के माध्यम से और व्यक्तिगत तरीके से पीड़ितों की जितनी मदद हो सकती है करो। समाज में इससे पार्टी का भी अच्छा संदेश जाएगा। मुख्य रूप से राज्यमंत्री कपिलदेव अग्रवाल, विधायक प्रमोद ऊटवाल, विक्रम सैनी, उमेश मलिक, शामली के तेजेंद्र निर्वाल, एमएलसी श्रीचंद शर्मा आदि मौजूद रहे।
पुरकाजी विधायक ने उठाया विधायक निधि का मुद्दा
मुजफ्फरनगर। पुरकाजी विधायक प्रमोद ऊटवाल ने प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह के सामने मुद्दा उठाया कि वह अपनी विधानसभा क्षेत्र के कोरोना से मृतक लोगों के परिजनों और बीमार रहे लोगों की विधायक निधि से आर्थिक मदद करना चाहते हैं। मृतकों के परिजनों को पांच हजार, बीमारों को तीन हजार की आर्थिक मदद का लक्ष्य है। डीएम और हमारे दूसरे एमएलए यह कहकर अड़ंगा लगा रहे हैं कि विधायक निधि से मदद नहीं की जा सकती, जिस पर प्रदेश अध्यक्ष ने समस्या के समाधान का आश्वासन दिया।