पुलिस लाइन का निरीक्षण करते एसएसपी अभिषेक यादव।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
मुजफ्फरनगर। एसएसपी अभिषेक यादव ने शुक्रवार को पुलिस लाइन का निरीक्षण कर साप्ताहिक परेड की सलामी ली। पुलिसकर्मियों को खुद को सुरक्षित रखते हुए कोविड-19 से बचाव के निर्देेश दिए।
एसएसपी अभिषेक यादव शुक्रवार सुबह पुलिस लाइन पहुंचे, जहां उन्होंने पुलिस लाइन ग्राउंड में साप्ताहिक परेड की सलामी ली। इसके बाद एसएसपी ने पुलिस लाइन स्थित भोजनालय का निरीक्षण करते हुए पुलिसकर्मियों के लिए तैयार किए गए खाने का स्वाद चखा। इसके बाद एसएसपी ने पुलिस कैंटीन पहुंचकर वहां के माल संबंधी कागजात की जांच की। तत्पश्चात बैरक, शस्त्रागार, क्वार्टर गारद, परिवहन शाखा, कार्यालय, स्नानघर और आवास आदि का निरीक्षण किया। एसएसपी ने भोजनालय, बैरक और स्नानघर की सफाई व्यवस्था का जायजा लेते हुए कोविड-19 के तहत सभी जरूरी ऐहतियात बरतने के निर्देश दिए। इसके साथ ही पुलिस लाइन गेट पर बनाई गई कोरोना हेल्प डेस्क का भी जायजा लेते हुए वहां तैनात पुलिसकर्मियों को खुद को सुरक्षित रखते हुए पुलिस लाइन आने वाले सभी लोगों की नियमित जांच करने के भी निर्देश दिए।