छपार क्षेत्र में बुखार का कहर जारी है। शनिवार को एक बालक और वृद्ध महिला की डेेंगू बुखार से मौत हो गई। लगातार हो रही मौतों से ग्रामीणों में दहशत व्याप्त है। क्षेत्र में अभी तक 20 से अधिक लोग बुखार से दम तोड़ चुके हैं। खुड्डा और बसेड़ा गांव में सबसे अधिक मौत हुई है।
छपार क्षेत्र के गांव खुड्डा निवासी भाकियू नेता मुरसलीन की मां वकीला (70) पंद्रह दिनों से बुखार से पीड़ित थीं। उसका पहले मुजफ्फरनगर में डाक्टरों से इलाज कराया। हालत बिगड़ने पर उसे बेगराजपुर स्थित मुजफ्फरनगर मेडिकल कॉलेज में भर्ती किया गया, वहां पर शुक्रवार रात्रि में उसकी मौत हो गई। मुरसलीन ने बताया कि जांच के बाद डॉक्टरों ने उसकी मां को डेंगू बुखार होने की पुष्टि की।
उधर, गांव बसेड़ा निवासी छोटा के आठ वर्षीय पुत्र मोहम्मद की भी शुक्रवार रात्रि में मौत हो गई। उसको कई दिनों से बुखार था। रात में तबियत ज्यादा बिगड़ी तो डाक्टरों को दिखाया, लेकिन डॉक्टर उसकी जान नहीं बचा सके। उपचार के दौरान ही उसने दम तोड़ दिया । उसके परिजनों ने बताया उसकी मौत डेंगू बुखार से हुई है। इससे पूर्व भी दोनों गांवों में छह लोगों की मौत डेंगू बुखार से हो चुकी हैं।