युवक के पिता ने हत्या की आशंका जताई, पुलिस मामले की जांच-पड़ताल में जुटी
फोटो समाचार
संवाद न्यूज एजेंसी
खतौली। गांव रसूलपुर कैलोरा में श्वान पालन फार्म पर बने पानी के हौज में फार्म मालिक अनुज उर्फ सोनू (35) का शव पड़ा मिला। मृतक के पिता ने उसकी हत्या की आशंका व्यक्त की है। पुलिस जांच-पड़ताल कर रही है।
गांव रसूलपुर कैलोरा निवासी अनुज उर्फ सोनू ने गांव के ही मुख्य मार्ग पर अपनी जमीन में श्वान पालन फार्म कर रखा था। फार्म पर ही बने पानी के हौज में उसका शव, मोबाइल बृहस्पतिवार को पड़ा मिला। मृतक के पिता यशपाल ने बताया कि उसका पुत्र अनुज बुधवार सुबह फार्म पर गया था। वह अक्सर रात के समय भी वहां रुक जाता था। वह फार्म पर पहुंचे, अपने पुत्र को आवाज लगाई। जब कोई जवाब नहीं मिला तो उसने फार्म की दीवार फांद कर देखा कि उसके पुत्र का शव पानी के हौज में पड़ा है। जिस पर उसने परिवार के लोगों को फोन कर फार्म पर बुला लिया।
जानकारी मिलने पर पुलिस भी वहां पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी भेजा है। मृतक के पिता ने अनुज की हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने बताया कि मृतक के शरीर पर चोट का कोई निशान नहीं है। पीएम रिपोर्ट के बाद ही मृत्यु का कारणों का पता चलेगा। फिलहाल मृतक के पिता की ओर से पुलिस को तहरीर नहीं दी गई है।
पुलिस खंगाल रही सीसीटीवी कैमरे
थाना पुलिस ने बताया कि गांव रसूलपुर कैलोरा में श्वान पालन फार्म पर सीसीटीवी कैमरे लगे हैं। पुलिस कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। बताया गया कि फार्म पर लगे सीसीटीवी कैमरों में एक ही कैमरा चालू मिला है। अन्य कैमरे खराब हैं। पुलिस बारीकी से इस मामले में जांच-पड़ताल में लगी है।