मंसूरपुर। पुलिस भर्ती की तैयारी कर रहे शाहपुर क्षेत्र के गांव निरमाना निवासी आकाश (21) की घर से बुलाकर हत्या कर शव गांव संधावली के पास रेलवे ट्रैक पर फेंक दिया। परिजनों ने सहपाठी युवती और युवक के खिलाफ हत्या का आरोप लगा मुकदमा दर्ज कराया। बुधवार देर रात संधावली गांव के जंगल में रेलवे ट्रैक पर आकाश का शव मिला था। पुलिस प्रेम त्रिकोण के बिंदु पर मामले की जांच कर रही है।
बृहस्पतिवार को परिजन पोस्टमार्टम के बाद शव घर ले गए। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। मृतक के पिता संजू ने पुलिस को बताया कि उनका बेटा खतौली में कोचिंग करता था। वहां उसकी मुलाकात एक युवती से हुई जो उनके बेटे के दोस्त हरिओम से भी बात करती थी। बुधवार को हरिओम आकाश को बुलाकर ले गया और हत्या कर शव को रेलवे ट्रैक पर फेंक दिया। हत्या में सहपाठी युवक व युवती का हाथ होने का शक है। एसपी सत्यनारायण प्रजापत का कहना है कि हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।