छपार। गांव कुतुबपुर में रात से लापता युवक 42 वर्षीय सोमदत्त का शव शुक्रवार सुबह गांव से कुछ दूर पेड़ पर लटका मिला। परिजनाें ने गांव के ही चार युवकों पर हत्या का आरोप लगाकर तहरीर दी। परिजनों ने गिरफ्तारी की मांग कर थाने पर हंगामा किया। बाद में पुलिस के समझाने पर परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार किया।
युवक रात में घूमने गया था इसके बाद वह वापस नहीं आया। सुबह के समय उसका शव गांव से कुछ दूर पेड़ पर लटका मिला। तब परिजन मौके पर पहुंचे थे। मृतक के भाई सुरेश ने थाने में तहरीर देते हुए बताया कि उसका भाई बृहस्पतिवार की रात में खाना खाने के बाद घूमने गया था। वापस न आने पर उसे तलाश किया गया लेकिन कोई पता नहीं चला था। गांव के ही कुछ युवकों ने बताया कि उसका भाई रात में 11 बजे गांव के ही चार युवकों के साथ ज़ंगल की ओर जा रहा था। इस सूचना के बाद वह मौके पर पहुंचे थे। आरोपी युवकों ने उसकी हत्या कर शव पर लटका दिया है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा था।
शाम के समय पोस्टमार्टम होने के बाद एक दर्जन से अधिक युवक शव को लेकर थाने पहुंचे। ग्रामीणों ने तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए हंगामा कर पुलिस के विरुद्ध नारेबाजी की। समझाने पर परिजन शव गांव में ले गए और अंतिम संस्कार किया। चार आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी है।
सीओ सदर रवि शंकर मिश्रा का कहना है कि मामले की बारीकी से जांच की जा रही है। जो तथ्य सामने आयेगा उसके बाद ही कार्रवाई की जाएगी।
परिजनों ने पुलिस को बताया
सोमदत अपनी भतीजी को लेकर 17 अगस्त की शाम दुकान पर सामान खरीदने जा रहा था। रास्ते में आरोपियों ने हमलाकर उसे घायल कर दिया था। लोगों के आने पर हमलावर जान से मारने की धमकी देकर चले गये थे। पुलिस ने आरोपियों का शांतिभंग में चालान कर दिया था। इसी रंजिश के चलते यह घटना की है।