सिखेड़ा के पास मिला बच्ची का शव
पुरकाजी (मुजफ्फरनगर)। गांव बसेड़ी में पत्नी की हत्या कर गंगनहर में फेंके गए तीन बच्चों में से एक का शव बृहस्पतिवार शाम सिखेड़ा क्षेत्र में गंगनहर से मिल गया, जबकि दो अन्य बच्चों की गंगनहर में तलाश जारी है। वहीं, पुलिस ने हत्यारोपी पति पप्पू को पूछताछ के बाद जेल भेज दिया है।
थाना क्षेत्र के गांव बसेड़ी निवासी महिला की उसी के पति ने चरित्र पर शक के चलते मंगलवार तड़के सिर में गोली मारकर हत्या कर दी थी। बाद में आरोपी ने अपने तीन बच्चों को भी गंगनहर में फेंक दिया था। हत्यारोपी पति को पुलिस ने बुधवार को उत्तराखंड के लक्सर से बरामद कर लिया, जिसने पूछताछ में तीनों बच्चों को कम्हेड़ा के निकट गंगनहर में फेंकने की जानकारी दी थी। पुलिस गंगनहर में पीएसी के गोताखोरों की मदद से बच्चों की तलाश कर रही थी। बृहस्पतिवार शाम सिखेड़ा क्षेत्र में डेढ़ साल की मासूम बच्ची हर्षिता का शव गंगनहर किनारे झाड़ियों में अटका मिला, जिसे पुलिस ने पहचान कराने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, दो अन्य लापता बच्चों का अभी सुराग नहीं लगा है, जिनकी बरामदगी के लिए गोताखोर लगातार गंगनहर में तलाश कर रहे हैं। उधर, हत्यारोपी पति पप्पू को पुलिस ने बृहस्पतिवार दोपहर पूछताछ के बाद जेल भेज दिया है।