छपार। त्यागी ब्राह्मण भूमिहार समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष मांगेराम त्यागी व दो साथियों के विरुद्ध बुढ़ाना के पूर्व ब्लाक प्रमुख व छपार टोल प्लाजा के पूर्व ठेकेदार ने रंगदारी मांगने का मुकदमा दर्ज कराया था। जांच में आरोप सही नहीं पाए। एक अन्य युवक का नाम प्रकाश में आया है। उसके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
गांव कुतुबपुर निवासी मांगेराम त्यागी व दो साथी बिजोपुरा निवासी दीपक व प्रमेंदर के विरुद्ध बुढ़ाना ब्लाक के पूर्व प्रमुख व पूर्व टोल ठेकेदार विनोद मलिक ने एसएसपी को एक प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया था कि उन्होंने टोलकर्मियों को उकसाकर टोल बंद करा दिया। 15 घंटे में लगभग 15 लाख रुपए का नुकसान हुआ। उस पर दबाव बनाकर टोल चलाने के लिए प्रतिमाह एक लाख रुपए की रंगदारी की मांग की ओर जाने से मारने की धमकी दी। एसएसपी के आदेश पर छपार थाने में तीनों के विरुद्ध संगीन धाराओं में रिपोर्ट की गई। सीओ सदर डाक्टर रविशंकर मिश्रा ने बताया कि जांच में तीनों लोगों के खिलाफ लगाया आरोप गलत पाया गया। छपार निवासी सचिन त्यागी दोषी पाया गया है। उसके विरुद्ध विधिक कार्रवाई होगी।