सर्विस क्लब में दस नवंबर से अंतरराष्ट्रीय टेनिस कुंभ प्रारंभ हो जाएगा। इंटरनेशनल टेनिस फेडरेशन लंदन यानि आईटीएफ ने 25 हजार डॉलर प्राइज मनी के टूर्नामेंट कराने के लिए मुजफ्फरनगर टेनिस एसोसिएशन को स्वीकृति दे दी हैं। इसके लिए दुनियाभर के खिलाड़ियों की सूची भी जारी कर दी गई है। टूर्नामेंट दस से 17 नवंबर तक चलेगा।
10 और 11 नवंबर को क्वालीफाइंग राउंड खेला जाएगा। 12 नवंबर से मुख्य ड्रा के मुकाबले प्रारंभ होंगे। टूर्नामेंट के लिए आईटीएफ लंदन ने खिलाड़ियों की सूची जारी कर दी है। क्वालीफाइंग राउंड में 19 देशों के 26 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। मुख्य ड्रा में 14 देशों के 18 खिलाड़ी खेलेंगे। यहां होने वाला आईटीएफ देश के सबसे बड़े टूर्नामेंट में से एक है। टूर्नामेंट में भारत के अलावा इंग्लैंड, इटली, जापान, आस्ट्रेलिया, स्लोवाकिया, ताइवान, आस्ट्रिया, फ्रांस, जर्मनी, चीन, बुल्गारिया, जार्जिया, टर्की स्लोवेनिया, साउथ अफ्रीका, स्पेन, यूक्रेन और सर्बिया आदि देश शामिल होंगे।
मुजफ्फरनगर टेनिस एसोसिएशन इससे पूर्व में छह अंतरराष्ट्रीय टेनिस टूर्नामेंट करा चुकी है। क्वालीफाइंग राउंड में दस खिलाड़ी चयनित होंगे और चार खिलाड़ियों को वाइल्ड कार्ड से एंट्री मिलेगी। 12 नवंबर से खेले जाने वाले मुख्य ड्रा में 32 खिलाड़ी भाग लेंगे। टूर्नामेंट की तैयारियों को लेकर सोमवार को एडीएम प्रशासन अमित सिंह ने कलक्ट्रेट में बैठक ली।
बैठक में सिटी मजिस्ट्रेट अतुल कुमार, एसपी बीबी चौरसिया, सीओ हरीश भदौरिया, एफएसओ एनके तिवारी, अभिहित अधिकारी विनीत कुमार आदि मौजूद रहे। एसोसिएशन की ओर से अध्यक्ष राजेश गर्ग, सचिव रविंद्र चौधरी, राघव स्वरूप, प्रणव स्वरूप, अशोक सरीन, केपी सिंह, शशिकांत शर्मा, ओंकार सिंह मौजूद आदि रहे।