मुठभेड़ में दस हजार का इनामी बदमाश गिरफ्तार
खतौली। गंगनहर पटरी पर मुसद्दी के बाग के निकट पुलिस की बदमाशों से मुठभेड़ हुई। पुलिस की गोली लगने से एक बदमाश घायल हो गया। जिसे पुलिस ने दबोच लिया। जबकि उसका साथी फरार होने में कामयाब हो गया। पकड़ा गया आरोपी दस हजार रुपये का इनामी बदमाश है।
शुक्रवार को गंगनहर पुल पर चेकिंग के दौरान बाइक सवार दो लोग पुलिस को देखकर भागने लगे। पुलिस ने उनका पीछा किया। गंगनहर पटरी पर मुसद्दी के बाग के पास बदमाशों और पुलिस के बीच मुठभेड़ हुई। मुठभेड़ में पुलिस की एक गोली बदमाश के पैर में जा लगी। जिस कारण बदमाश वहीं गिर गया। जिसे पुलिस ने दबोच लिया। पुलिस ने उसके साथी को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन वह पुलिस को चकमा देकर भागने में सफल रहा। घायल हुए बदमाश को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया।
पुलिस के पूछताछ करने पर बदमाश ने अपना नाम दीन मोहम्मद उर्फ दीनू निवासी मोहल्ला इस्लामनगर बताया है। सीओ आशीष प्रताप सिंह ने बताया कि पकड़ा गया बदमाश दस हजार रुपये का इनामी है। इस पर अलग-अलग थाने में गोकशी तथा भैंस चोरी के डेढ़ दर्जन मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने मुठभेड़ के बाद मौके से बाइक, तमंचा, तीन कारतूस बरामद किए हैं। इंस्पेक्टर संतोष त्यागी ने बताया कि पकड़े गए बदमाश के बारे में अन्य जनपदों से भी जानकारी जुटाई जाएगी।