रुड़की रोड पर पलटा सवारियों से भरा टेंपो
मुजफ्फरनगर। जिला अस्पताल से सोमवार शाम सवारियां लेकर रोहाना जा रहा टेंपो शहर के रुड़की रोड पर पलट गया। हादसे में टेंपो में सवार दो महिलाओं सहित पांच लोग घायल हो गए, जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
शहर के जिला अस्पताल के सामने से रोहाना के लिए टेंपो चलते हैं। सोमवार शाम एक टेंपो दस से अधिक सवारियों को लेकर जिला अस्पताल गेट से रोहाना के लिए रवाना हुआ था। जैसे ही यह टेंपो रुड़की रोड स्थित सहारनपुर बस स्टेंड के निकट पहुंचा, टेंपो चालक ने आगे चल रहे किसी वाहन को ओवरटेक करने का प्रयास किया। इसी प्रयास में चालक टेंपो से नियंत्रण खो बैठा, जिससे तेज रफ्तार टेंपो बीच सड़क पर पलट गया। हादसे में टेंपो में सवार गांव मलीरा निवासी शालू त्यागी व गीता, मंसूरपुर निवासी पंकज, छपार निवासी आमिर और शहर के उत्तरी सिविल लाइन निवासी मदन मोहन त्यागी घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को ले जाकर जिला अस्पताल में भर्ती कराया। उधर, हादसे के बाद आरोपी चालक टेंपो लेकर फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है।