बुढ़ाना में टावर परिसर में धरना देते किसान मजदूर संगठन के कार्यकर्ता।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
मुजफ्फरनगर, बुढ़ाना। एक दूरसंचार कंपनी में छोटी-छोटी ठेकेदारी करने वाले ठेकेदार तथा मजदूरों को कंपनी ने कई वर्षों से भुगतान नही दिया है। भारतीय किसान संगठन के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने भुगतान की मांग को लेकर टावर परिसर में धरना दिया। धरना स्थल पर पहुंचे इंस्पेक्टर को संगठन के पदाधिकारियों ने ज्ञापन दिया।
कस्बे के बड़ौत रोड़ पर नई बस्ती में एक दूर संचार कंपनी का टावर है। मंगलवार को भारतीय किसान संगठन के कई पदाधिकारी व कार्यकर्ता कंपनी के टावर परिसर में पहुंचे। कार्यकर्ताओं ने टावर परिसर में धरना दिया। इस मौके पर संगठन के मेरठ जिलाध्यक्ष देवराज सिंह पुंडीर ने कहा कि कंपनी ने पिछले 6 वर्षों से छोटे-छोटे ठेकेदारों का भुगतान नही किया है। ठेकेदारों को भुगतान न मिलने के कारण उनके पास काम करने वाले मजदूरों को मजदूरी नही मिल पाई। अनिल तोमर ने कहा कि भुगतान की समस्या को लेकर मेरठ में अनिश्चितकालीन धरना जारी है। प्रशासन की मध्यस्थता के बाद भी कंपनी द्वारा भुगतान नही किया गया है। धरना स्थल बैठे किसान मजदूर संगठन के कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों ने चेतावनी देते हुए कहा कि जब तक भुगतान नही होगा उनके धरने प्रदर्शन जारी रहेंगे। धरना-प्रदर्शन प्रत्येक जिले अथवा राज्य में क्रमवार किया जाएगा। धरने के बीच पहुंचे इंस्पेक्टर जितेंद्र कुमार यादव को कार्यकर्ताओं ने ज्ञापन दिया। धरना प्रदर्शन में तरसपाल, प्रवीण, सोम, बिल्लू राणा, देवराज सिंह, संजू व ईश्वर सिंह आदि मौजूद रहे।