मुजफ्फरनगर के जानसठ में तहसील दिवस में गांव पुट्ठी इब्राहिमपुर व दाहखेड़ी के ग्रामीणों ने राशन डीलर द्वारा राशन नहीं देने, अपात्र लोगों के नाम सूची में शामिल करने का आरोप लगाते हुए तहसील में प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि गांव दाहखेड़ी में जांच करने गई टीम ने पात्र लोगों के नाम काट दिए तथा अपात्र लोगों को राशन डीलर से सांठगांठ कर शामिल कर लिए है। वहीं दूसरी ओर गांव पुट्ठी इब्राहिमपुर की महिलाओं ने तहसील दिवस में प्रदर्शन करते हुए राशन डीलर द्वारा राशन नहीं दिए जाने का आरोप लगाया। उपजिलाधिकारी ने पूर्ति निरीक्षक को बुलाकर जांच कर पात्र लोगों के नाम शामिल कराने के निर्देश दिए।
पूर्ति निरीक्षक संजय सक्सेना ने बताया कि गांव दाहखेड़ी में टीम द्वारा खुली बैठक कर जांच कराई गई थी। जिसमें अपात्र लोगों के नाम सूची से काट दिए गए थे तथा पात्र लोगों को शामिल किया गया। अब अपात्र लोग ही नाम शामिल करने के लिए दबाव बना रहे हैं। प्रदर्शन करने वालों में मुन्नी, मुनेश, मोमिना, मुनिजा, रईसा, समशाद, रिहाना, अब्दुल्ला कुरैशी, जाकिर ठेकेदार, तौफीक, शहजाद, इस्लाम, शेरदीन, गय्यूर, इरफान आदि शामिल रहे।
उधर, खतौली में भूड़ निवासी रुखसाना, बानो, सायरा, शहनाज, मुन्नी, सईदा, गुलफशा, शमशीदा, वरीसा, शामीना, गुलशन, यासमीन, मोमीना, मेहरो, अनम आदि ने तहसील दिवस में पहुंच कर प्रदर्शन किया और पूर्ति निरीक्षक दिपांकर शर्मा का घेराव किया। महिलाओं का आरोप था कि पात्र लोगों को राशन का वितरण नहीं किया जा रहा है। जबकि अपात्र लोगों को राशन दिया जा रहा है।
राशन मांगने पर राशन डीलरों पर अभद्रता का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भूड़ पर चार राशन की दुकानें हैं, जिन पर राशन वितरण होता है। राशन लेने गई महिलाओं को धमका कर भगा दिया जाता है। डीएम ने पूर्ति निरीक्षक को जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए।