सड़क हादसों में किशोर और युवक की मौत
मुजफ्फरनगर। शहर क्षेत्र में बुधवार को हुए सड़क हादसों में किशोर और युवक की मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी कैंटर चालक बरेली के नई बस्ती शांतिनगर निवासी रामबाबू को हिरासत में ले लिया। युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
नई मंडी कोतवाली क्षेत्र के गांव कूकड़ा के अमित विहार निवासी अमन (17) बुधवार को पैदल ही शहर आ रहा था। जब वह सुरेंद्रनगर के निकट पहुंचा, तेज रफ्तार बाइक ने उसे टक्कर मार दी। हादसे में अमन गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे सूचना पर पहुंची पुलिस ने तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां उपचार के दौरान चिकित्सकों ने अमन को मृत घोषित कर दिया। आसपास के लोगों ने आरोपी बाइक सवार विपिन को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। अमन के मौसा ने आरोपी बाइक सवार के खिलाफ तहरीर दी है।
उधर, मंसूरपुर थाना क्षेत्र के गांव बेगराजपुर निवासी श्याम कुमार कश्यप (28) पेड़ कटाई का काम करता था। बुधवार शाम करीब चार बजे वह किसी काम से बाइक पर छपार की तरफ जा रहा था। जैसे ही वह हाईवे पर संधावली पुल के निकट पहुंचा, पीछे से आए तेज रफ्तार दूध कैंटर ने श्याम की बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही युवक सड़क पर गिरा तो तेज रफ्तार कैंटर उसे कुचलते हुए भाग निकला, जिससे श्याम कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। उधर, भाग रहे कैंटर को लोगों ने पुलिस की मदद से वहलना चौक के पास पकड़ लिया। पुलिस ने आरोपी कैंटर चालक बरेली के नई बस्ती शांतिनगर निवासी रामबाबू को हिरासत में ले लिया। युवक के शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी भेज दिया गया है।