क्रय केंद्रों पर गन्ने की घटतौली रोकें अधिकारी : सुरेश राणा
मुजफ्फरनगर। गन्ने का बकाया भुगतान और क्रय केंद्रों पर घटतौली रोकने के लिए अफसर कठोर कदम उठाएं। समीक्षा बैठक में प्रदेश के कैबिनेट गन्ना मंत्री सुरेश राणा और गन्ना आयुक्त ने निर्देश दिए।
प्रदेश के कैबिनेट गन्ना मंत्री वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये अधिकारियों के साथ बकाया भुगतान और घटतौली रोकने के लिए उठाए गए कदमों की समीक्षा की। गन्ना मंत्री सुरेश राणा ने घटतौली रोकने के लिए जिला गन्ना अधिकारी को प्रभावी कदम उठाने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि किसान का हित सबसे ऊपर रहना चाहिए। जिन चीनी मिलों पर बीते सीजन का बकाया है उनसे तत्काल भुगतान कराया जाए। उन्होंने कहा कि घटतौली के प्रकरणों में कठोरतम कार्रवाई होनी चाहिए। ऐसे लोगों पर सीधे एफआईआर दर्ज करें। वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से गन्ना मंत्री ने डीसीओ आरडी द्विवेदी से कहा कि गन्ना भुगतान और घटतौली रोकने के लिए जिला स्तर पर योजना बनाई जाए।