कलेक्ट्रेट में धरना देते शिक्षक।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
मुजफ्फरनगर। परिषदीय स्कूलों में प्रेरणा एप से उपस्थिति दर्ज करने के आदेश के विरोध तथा अन्य कई मांगों को लेकर उत्तर प्रदेश शिक्षक संघ ने कलक्ट्रेट में धरना दिया। धरने में विभिन्न शिक्षक संगठन शामिल हुए तथा अपनी मांगें पुरजोर तरीके से उठाई।
प्रेरणा एप तथा अन्य कई मांगों को लेकर शिक्षक आंदोलन की राह पर हैं। पहले ब्लॉक, फिर बीएसए कार्यालय के बाद शुक्रवार को उन्होंने कलक्ट्रेट में धरना प्रदर्शन किया। दोपहर दो बजे विभिन्न शिक्षक संगठनों से जुड़े शिक्षक उत्तर प्रदेश शिक्षक महासंघ के बैनर तले कलक्ट्रेट में एकत्रित हुए तथा नारेबाजी करते हुए धरना देकर बैठ गए। वक्ताओं ने कहा कि प्रदेश की राजनीति द्वारा शिक्षकों को दोषारोपित कर हतोत्साहन का वातावरण बनाया जा रहा है। इससे संपूर्ण शिक्षक समाज क्षुब्ध है। वक्ताओं ने पुरानी पेंशन बहाल करने, समाज कार्य के लिए समान वेतन देने, शिक्षक समुदाय को निशुल्क चिकित्सा सुविधा देने, प्राथमिक एवं जूनियर शिक्षण संस्थाओं में प्रेरणा एप को लागू नहीं करने आदि की मांग उठाई। इस संबंध में मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन एडीएम को दिया गया। धरना-प्रदर्शन में महासंघ के जिलाध्यक्ष शिवकुमार यादव, जिला मंत्री हेमंत कुमार बिश्रोई, प्राथमिक शिक्षक संघ जिलाध्यक्ष बालेंद्र कुमार, राकेश राठी, जूनियर बेसिक शिक्षक संघ जिलाध्यक्ष संजीव बालियान, इंदू भूषण शर्मा, सीनियर बेसिक शिक्षक संघ जिलाध्यक्ष मगनवीर सिंह एवं जिला मंत्री अमित बालियान, राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के जिलाध्यक्ष रविंद्र नागर, राजेंद्र भारती, राजेंद्र शर्मा, विजेंद्र सिंह, योगेश तोमर आदि मौजूद रहे। संचालन सुनील कुमार त्यागी ने किया।