शिक्षक ने की नाबालिग छात्रा से छेड़छाड़
मीरापुर। क्षेत्र के गांव निवासी नाबालिग छात्रा के साथ उसे ट्यूशन पढ़ाने वाले शिक्षक ने ही छेड़छाड़ की। विरोध करने पर आरोपी ने छात्रा को उसके घर जाकर धमकी दे डाली। परिजनों ने आरोपी शिक्षक आरिफ के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है, जिसके बाद से आरोपी फरार है।
थाना क्षेत्र के गांव निवासी नाबालिग छात्रा कस्बे के एक कॉलेज में इंटरमीडिएट में पढ़ती है। कोविड-19 के चलते पढ़ाई प्रभावित न होने देने के लिए परिजनों ने गांव के ही शिक्षक को उसे घर आकर ट्यूशन पढ़ाने के लिए रख लिया था। पीड़ित परिजनों ने तहरीर देकर बताया कि इसी दौरान शिक्षक ने घर में छात्रा को अकेली पाकर कई बार उसके साथ छेड़छाड़ की। शुरूआत में तो छात्रा खामोश रही, लेकिन शिक्षक की हरकतें बढ़ने पर उसने परिजनों को इसकी जानकारी दी। आरोप है कि जब परिजनों ने शिक्षक से इस बाबत पूछताछ की, तो उसने घर पहुंचकर पीड़ित छात्रा को जान से मारने की धमकी दे डाली। सीओ शकील अहमद ने बताया कि छात्रा के परिजनों की तहरीर के आधार पर आरोपी शिक्षक आरिफ के खिलाफ छेड़छाड़, पॉक्सो एक्ट व धमकी देने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपी शिक्षक फरार है, जिसकी तलाश में टीम गठित की गई है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।