बीएसए ने मामले की मोरना के खंड शिक्षा अधिकारी से जांच शुरू कराई
संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर/भोपा। थाना क्षेत्र के एक गांव के कंपोजिट स्कूल में कक्षा आठ की छात्रा से छेड़छाड़ का आरोप लगा है। छात्रा के परिजनों ने शिक्षक की पिटाई की। बेसिक शिक्षा अधिकारी ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं।
आरोप है कि शिक्षक ने स्कूल परिसर में छात्रा के साथ यह हरकत की। छात्रा ने घर जाकर परिजनों को घटना के बारे में बताया, जिसके बाद उनमें रोष फैल गया। परिजन और अन्य लोग स्कूल पहुंचे और पूछताछ के बाद शिक्षक की पिटाई कर दी। इस घटना की शिकायत बेसिक शिक्षा अधिकारी से भी की गई है। बताया जा रहा है कि इस शिक्षक पर पहले भी एक अन्य स्कूल में ऐसी ही हरकत करने का आरोप है। शिक्षा विभाग में इस मामले को लेकर चर्चाएं तेज हैं।
बेसिक शिक्षा अधिकारी संदीप कुमार ने बताया कि उन्हें मामले की जानकारी मिली है। उन्होंने मोरना के खंड शिक्षा अधिकारी ध्यानचंद को जांच सौंपी है। संदीप कुमार ने कहा कि जांच रिपोर्ट आने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। भोपा थाना प्रभारी निरीक्षक आशुतोष कुमार ने बताया कि पुलिस को अभी तक कोई सूचना या प्रार्थना पत्र नहीं मिला है। शिकायत मिलने पर पुलिस जांच कर कार्रवाई करेगी।