मुजफ्फरनगर। डीएम उमेश मिश्रा ने अंतरराष्ट्रीय टैरिफ से जूझ रहे उद्योगों को निर्बाध विद्युत आपूर्ति किए जाने के निर्देश ऊर्जा निगम अधिकारियों को दिए। उत्पादन कार्य प्रभावित नहीं होना चाहिए। यदि किसी इकाई से शिकायत प्राप्त होती है तो उसका तुरंत समाधान किया जाए।
फेडरेशन हॉल में आयोजित बैठक में अध्यक्ष नील कमलपुरी ने डीएम का स्वागत किया। फेडरेशन ऑफ मुजफ्फरनगर कॉमर्स एंड इंडस्ट्री की बैठक में उद्यमियों ने कहा कि सितंबर-अक्तूबर में कोल्हू संचालित होने के कारण प्रदूषण का स्तर बढ़ता है, जिसका ठीकरा उद्योगों पर फोड़ा जाता है जबकि उद्योगों में प्रदूषण रोकने के तमाम उपकरण लगे हैं। डीएम ने प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को निर्देश दिए कि उचित कदम उठाकर प्रदूषण पर नियंत्रण किया जाए और दोषी इकाइयों पर तत्काल कार्रवाई हो।
आईआईए चेयरमैन अमित जैन ने कहा कि जनपद के उद्यमी राष्ट्रहित में पूरी तरह समर्पित हैं लेकिन कुछ अधिकारी सरकार की भावना के विपरीत कार्य कर उद्यमियों का शोषण कर रहे हैं। सीडीओ कमल किशोर कंडारकर ने आश्वासन दिया कि उद्यमियों को हर संभव सहायता दी जाएगी और किसी को भी अनावश्यक रूप से परेशान नहीं किया जाएगा। अश्वनी मित्तल, राकेश जैन, अंकित संगल, अंकुर गर्ग, केएल. अग्रवाल, अरविंद गुप्ता, दीपक मित्तल, जगमोहन गोयल आदि शामिल रहे। संचालन आशीष गर्ग ने किया।