भिक्की में तमंचा फैक्टरी का भंडाफोड़, दो धरे
सिखेड़ा (मुजफ्फरनगर)। गांव भिक्की में नाले के पास स्थित खेत में चलाई जा रही तमंचा फैक्टरी का भंडाफोड़ करते हुए पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक अन्य फरार हो गया। मौके से भारी संख्या में तमंचे, बंदूक, रायफल व मस्कट के साथ ही अधबने तमंचे, पार्ट्स व उपकरण बरामद किए गए हैं।
सिखेड़ा थाना क्षेत्र के गांव भिक्की में नाले के पास स्थित खेत में बुधवार सुबह दबिश देकर पुलिस ने तमंचा फैक्टरी का भंडाफोड़ किया। एसओ रामवीर सिंह ने बताया कि मौके पर तीन आरोपी तमंचे बनाते मिले, जिनमें से दो को रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि एक अन्य फरार हो गया। मौके से दस तमंचे, तीन बंदूक, दो रायफल और एक मस्कट बरामद की गई। इसके अलावा, अधबने तमंचे, असलहा बनाने के पार्ट्स और उपकरण आदि बरामद किए गए। एसओ ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों में खालिद पुत्र अफरोज निवासी मिमलाना, हाल निवासी निराना और सुरेंद्र पुत्र लाखन सिंह निवासी थाना खैर जनपद अलीगढ़ शामिल हैं। वहीं, फरार आरोपी की पहचान सुभाष पुत्र रामचरण निवासी खैर, जनपद अलीगढ़ के रूप में हुई। रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।