नई मंडी इंस्पेक्टर को एकता कपूर के खिलाफ तहरीर देते भाजयुमो कार्यकर्ता।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
वेब सीरीज निर्माता एकता कपूर के खिलाफ दी तहरीर
मुजफ्फरनगर। वेब सीरीज ट्रिपल-एक्स सीजन-2 की निर्माता एकता कपूर के खिलाफ भाजपा युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं ने नई मंडी कोतवाली पुलिस को तहरीर दी है। आरोप है कि वेब सीरीज के जरिये आर्मी ऑफिसर्स को लेकर आपत्तिजनक दृश्य फिल्माए और सेना की छवि बिगाड़ने की कोशिश की गई है।
बृहस्पतिवार को नई मंडी कोतवाली पहुंचे कार्यकर्ताओं ने इंस्पेक्टर दीपक चतुर्वेदी को तहरीर देकर बताया कि बालाजी टेलीफिल्मस की निर्माता एकता कपूर द्वारा हाल ही में ट्रिपल-एक्स सीजन-2 नाम से वेब सीरीज बनाई गई है। आरोप है कि वेब सीरीज में आर्मी अफसर के परिवार को लेकर बेहद आपत्तिजनक व अश्लील दृश्य फिल्माए और सेना के कर्नल रैंक के अफसर की वर्दी का भी अपमान किया गया है। वेब सीरीज का फिल्मांकन सेना का मनोबल तोड़ने वाला है। इससे देशभक्त नागरिकों की भावनाएं भी आहत हुईं हैं। भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने एकता कपूर के खिलाफ कानूनी कार्रवाई कराने की मांग की है। तहरीर देने वालों में भाजयुमो के जिला मंत्री अजय सागर, नई मंडी मंडल अध्यक्ष नवनीत गुप्ता, महामंत्री प्रशांत गौतम, विनय चंदेल, शुभम भारद्वाज, राजन सैनी और सूर्या अरोरा शामिल रहे।
उधर, नई मंडी कोतवाली इंस्पेक्टर दीपक चतुर्वेदी का कहना है कि इस संबंध में तहरीर आई है, मामला मुंबई से जुड़ा है। पुलिस जांच उपरांत कोई निर्णय लेगी।