आईटीआई कालेज के चपरासी की संदिग्ध मौत
मुजफ्फरनगर। थाना छपार क्षेत्र में एक आईटीआई कालेज के चपरासी की गुरुवार रात में संदिग्ध हालत में मौत हो गई। हालांकि पुलिस ने छत से गिर कर मौत होना बताया है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला शाहबुदीनपुर रोड निवासी 55 वर्षीय विक्टर थाना छपार क्षेत्र में महादेव आईटीआई कालेज में पिछले 7-8 साल से चपरासी था। वह गुरुवार की रात में कालेज में सो रहा था। रात में कालेज परिसर में उसकी संदिग्ध हालत में मौत हो गई। सूचना मिलने पर छपार पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने कालेज में मौजूद अन्य कर्मचारियों से जानकारी ली और इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उधर, थाना प्रभारी अखिलेश कुमार का कहना है कि विक्टर रात में किसी काम से कालेज की छत पर गया था। वहां पैर फिसलने से वह नीचे आ गिरा। काफी देर तक जब वह वापस नहीं पहुंचा तो कालेज में मौजूद दूसरे कर्मचारी ने उसकी तलाश शुरू की । तब वह घायल हालत में मिला। उसने यह सूचना विक्टर के परिजनों व कालेज के प्रबंधकों को दी। इसके बाद पहुंचे प्रबंधक और परिजनों ने पुलिस को सूचना देते हुए घायल को मुजफ्फरनगर सरकारी अस्पताल पहुंचाया था। वहां उपचार के दौरान घायल की मौत हो गई। थाना प्रभारी अखिलेश कुमार ने कहा कि मौत का सच सामने लाने के लिए शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।