छह गांवों का दोबारा होगा सर्वे
बुढ़ाना। गन्ने के रकबे में गड़बड़ी को लेकर गन्ना समिति पहुंचे विधायक ने समिति के अधिकारियों के साथ मीटिंग ली। मीटिंग में छह गांवों के किसानों के रकबे का दोबारा सर्वे करने का निर्णय लिया गया।
गन्ने के रकबे व बेसिक कोटे में हुई अनियमितताओं को लेकर विधायक उमेश मलिक बुधवार को गन्ना समिति कार्यालय पहुंचे। उपजिलाधिकारी दीपक कुमार भी समिति कार्यालय पहुंच गए। गन्ना समिति के सचिव वी के राय सहित समिति के अन्य अधिकारियों के साथ घंटों वार्ता हुई। वार्ता में निर्णय लिया गया कि छह गांवों के किसानों का गन्ने का रकबा, बेसिक कोटा व पेड़ी व पौधा का सर्वे का कार्य दोबारा करवाया जाएगा। विधायक के निर्देश पर गन्ना समिति के सचिव ने सर्वे दोबारा करने के निर्देश दिए। विधायक ने चेतावनी देते हुए कहा कि गन्ने के सीजन में सभी अधिकारी व कर्मचारियों को अपनी-अपनी सीट पर मौजूद रहना होगा। गन्ना किसानों की हर समस्या का समाधान करना होगा। कायो4ं में लापरवाही करने वाले कर्मचारी के खिलाफ कार्रवाई करवाई जाएगी।