जिले में इसी माह शुरू हो सकते हैं क्रिकेट ट्रायल
अमर उजाला ब्यूरो
मुजफ्फरनगर। जनपद स्तर के क्रिकेट ट्रायल इसी महीने के अंत में शुरू हो सकते हैं। कोविड-19 के कारण पिछले छह महीने से बंद पड़ी क्रिकेट गतिविधियां भी शीघ्र शुरू होने की उम्मीद है।
मुजफ्फरनगर क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव मनोज पुंडीर के बताया कि उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा भी क्रिकेट गतिविधियां शुरू करने को सभी जनपदों से लगातार फीड बैक लिया जा रहा है। पुंडीर के अनुसार वर्ष 2020-21 के लिए विभिन्न आयु वर्गों में मुजफ्फरनगर से 469 और शामली जनपद से 150 खिलाड़ियों द्वारा ऑनलाइन पंजीकरण कराया गया था, जिसमें मुजफ्फरनगर से अंडर 14 में 68, अंडर 16 में 111, अंडर 19 में 158, अंडर 23 में 89 और सीनियर में 43 खिलाड़ियों ने पंजीकरण कराया है। शामली से अंडर 14 में 22 अंडर 16 में 34, अंडर 19 में 45 अंडर 23 में 34 और सीनियर में 15 खिलाड़ियों ने ट्रायल के लिए अपने को पंजीकृत कराया है। कोरोना को दृष्टिगत रखते हुए बीसीसीआई, यूपीसीए और शासन द्वारा जारी सभी निर्देशों और मार्गदर्शन का सख्ती से पालन करते हुए ही जनपद में ट्रायल कराने की तैयारी की जा रही है। बीसीसीआई द्वारा भी अलग से एक एसओपी जारी की गई है। पुंडीर ने बताया कि सभी वर्गों में अलग-अलग दिन में 50-50 खिलाड़ियों को बुलाकर ही ट्रायल होंगे। इस बार सभी ट्रायल अलमासपुर स्थित क्रिकेट अकादमी में ही दो सत्रों में आयोजित कराए जाएंगे। मुजफ्फरनगर क्रिकेट एसोसिएशन की एक बैठक भी हाल ही में ऑनलाइन आयोजित की गई, जिसमें क्रिकेट गतिविधियां शुरू करने को लेकर चर्चा की गई।
ृ