पुरकाजी में आंधी से गिरा आम का पेड़।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
मुजफ्फरनगर/पुरकाजी। शनिवार को आंधी से रात के समय बिजली व्यवस्था बेपटरी रही। देहात क्षेत्र में रविवार दोपहर तक ही आपूर्ति बहाल हुई। आंधी के कारण आम की फसल को नुकसान हुआ। मौसम विभाग ने सोमवार को फिर बूंदाबांदी की संभावना जताई है। रविवार को अधिकतम तापमान 38 डिग्री रहा।
शनिवार शाम तेज हवा चलने से पुरकाजी खाइखेड़ी मार्ग पर रखे विद्युत ट्रांसफार्मर के तार फुंक गए थे। जिससे कस्बे के कई गली मोहल्लों की विद्युत आपूर्ति बंद हो गई। विद्युत कर्मचारियों द्वारा तारों को ठीक कर आपूर्ति चालू कराई गई। मगर कुछ देर बाद ही ट्रांसफार्मर पर लगे केबल के जल जाने से रात करीब 10 बजे विद्युत आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई। लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। रविवार करीब छ बजे ट्रांसफार्मर ठीक होने पर 20 घंटे बाद विद्युत आपूर्ति चालू की गई। एसडीओ अजय कुमार का कहना है अधिक लोड होने के कारण ट्रांसफार्मर बार बार खराब हो रहा था। ट्रांसफार्मर की लीड बदलकर उसे पूरी तरह ठीक करा दिया गया है।
आंधी से बाग ठेकेदारों को लाखों का नुकसान
पुरकाजी। आंधी चलने से शनिवार को क्षेत्र में आम की फसल टूट कर गिर जाने से बाग ठेकेदारों को भारी नुकसान हुआ है। इसके अलावा खेतों व बागों में खड़े पॉपुलर व लिप्टिस आदि के पेड़ टूटकर गिर गए। बाग ठेकेदार राहत सलमानी , मनोज पाल, ताहिर, नुसरत, अजब सिंह, मुकेश कुमार आदि का कहना है कि आम की फसल गिर जाने से उन्हें लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।