गर्मी से बचने के लिए चेहरे पर कपड़ा लपेटकर निकलती युवती।
- फोटो : अमर उजाला
गर्मी के बढ़ने से दोपहर में बाजारों में सन्नाटा छाने लगा है। गर्मी के साथ बिजली की कटौती और पानी की किल्लत भी बढ़ गई है। बाजार में शीतल पेय पदार्थों की डिमांड बढ़ने लगी है। कई दिन तक मौसम खराब रहने के बाद पारा फिर से बढ़ने लगा है। बढ़ती गर्मी का असर शहर के बाजारों पर साफ दिखाई देने लगा है। दिन में एक से चार बजे तक बाजारों में ग्राहकों की संख्या काफी घट गई है। कुछ समय के लिए सन्नाटा सा ही हो जाता है।
अभी से सुबह और शाम में ग्राहकों की अधिक भीड़ हो रही है। तापमान के बढ़ने के साथ ही बाजार में पेय पदार्थो की डिमांड बढ़ने लगी है। गन्ने के जूस से लेकर कोल्ड ड्रिंक्स, फलो के जूस, लस्सी आदि की डिमांड बढ़ गई है। गुजरात से आए आम का मैंगो शेक की भी बाजार में डिमांड है। मौसम में लगातार हो रहे परिवर्तन और तपिश बढ़ने से बिजली की खपत बढ़ गई है। लोगों ने गर्मी से निपटने के लिए एसी चालू कर दिए हैं। बिजली की खपत बढ़ने के साथ ही विद्युत कटौती शुरू हो गई है।
24 घंटों में कई बार कट लग रहा है। बिजली की कटौती से आम जनता परेशान है। बिजली आपूर्ति सुचारु नहीं होने का असर पानी की सप्लाई पर भी पड़ रहा है। बिजली नहीं आने से आपूर्ति नहीं हो पाती है। जितनी अधिक कटौती बढ़ रही है, उतनी ही पानी की समस्या पैदा होती है। अधीक्षण अभियंता एके आत्रेय का कहना है कि विभाग का यह पूरा प्रयास है कि कटौती कम से कम हो। तार आदि टूटने पर ही समस्या पैदा होती है।
तेज धूप व हवा से जनजीवन अस्त-व्यस्त
मीरापुर। तेज गर्मी के साथ तेज हवाएं चलने से सामान्य जनजीवन प्रभावित हो गया है। सुबह दस बजे के बाद से तेज गर्मी के चलते बाजार में सन्नाटा पसर जाता है। वहीं, गर्मी के प्रकोप से बच्चों में भी बुखार व दस्त की शिकायतें बढ़ रहीं हैं। डॉक्टरों का कहना है कि पानी की कमी के कारण बच्चों में डिहाइड्रेशन की समस्या उत्पन्न हो रही है।