रतनपुरी के गांव बड़सू के गन्ना क्रय केंद्र पर गन्ना तौलने को लेकर किसानों में मची आपाधापी, किसानो
- फोटो : KHATAULI
गन्ना तौल केंद्र पर आपाधापी मची, किसानों में हाथापाई
मुजफ्फरनगर, रतनपुरी। गांव बड़सू में गन्ना तौल केंद्र पर गन्ना तुलवाने को लेकर किसानों में आपाधापी मची गई। जिस कारण किसानों में आपस में झगडे़ तक की नौबत आ गई थी। इस दौरान इतना सब कुछ होता रहा और पुलिस मूकदर्शक बनी रही।
गांव सिकंदरपुर, बड़सू और सठेड़ी में स्थित गन्ना तौल केंद्रों पर तौल का शनिवार को आखिरी दिन होने के कारण किसानों की भारी भीड़ एकत्रित हुई। सुबह से ही तौल केंद्रों पर सड़क के दोनों ओर काफी लंबी लंबी लाइनें लगना शुरू हो गईं। सिकंदरपुर तौल केंद्र पर रामपुर के किसान भी जुड़े हैं। दोनों गांव के किसान ट्रैक्टर ट्रालियों और भैंसा बुग्गी लेकर तौल केंद्र पर पहुंचे। जिसके कारण खतौली-बुढ़ाना मार्ग भी अवरुद्ध हो गया। सड़क मार्ग खुलवाने को पुलिस को भी काफी मशक्कत करनी पड़ी। उधर, बड़सू स्थित गन्ना तौल केंद्र पर किसानों की काफी भीड़ उमड़ पड़ी। पहले गन्ना तुलवाने को लेकर किसानों में आपाधापी मची रही। कई बार तो किसानों के बीच आपस में मारपीट तक नौबत आ गई। तौल केंद्र पर कुछ किसानों में हाथापाई तक हो गई। इस दौरान हंगामा होता रहा और पुलिस बेबस खड़ी सब कुछ देखती रही। अन्य किसानों ने मामला शांत कराया। समझाने के बाद तौल फिर से शुरू हो सकी। सठेड़ी के तौल केंद्र पर भी किसानों की ट्रैक्टर ट्रालियों और बुग्गियों की लाइन देखने को मिली।