रोहाना मिल में गन्ने की पेराई बंद
रोहाना (मुजफ्फरनगर)। आईपीएल की रोहाना चीनी मिल बंदी का तीसरा नोटिस चस्पा कर दिया गया है। मिल अधिकारियों का कहना है कि अब पर्याप्त गन्ना नहीं मिल रहा है। अधिकारियों का दावा है कि समिति क्षेत्र में रोहाना मिल का भुगतान अव्वल है। इस मिल ने छह मार्च तक का भुगतान कर दिया है।
रोहाना मिल की पेराई क्षमता 20 हजार क्विंटल प्रतिदिन है। गन्ना आयुक्त की ओर से चालू पेराई सत्र में मिल को 32 लाख क्विंटल पेराई का लक्ष्य निर्धारित किया गया था। मिल में 24 मई तक निर्धारित लक्ष्य से करीब 70 हजार क्विंटल गन्ना अधिक पेराई हुई है। मिल अधिकारियों का कहना है कि वर्तमान में पेराई के लिए पर्याप्त गन्ना नहीं मिल रहा है। गन्ना कैलेंडर के कई चक्र की एक साथ पर्चियों का प्रतिदिन इंडेंट 80 हजार क्विंटल जारी किया जा रहा है। इसके बावजूद गन्ने की किल्लत हो रही है, जबकि मिल परिक्षेत्र के गांवों में किसानों के खेत पर जाकर कर्मचारी गन्ना आपूर्ति के लिए कच्चा टोकन वितरण कर रहे हैं। वहीं, रोहाना समिति से जुड़ी रोहाना मिल ने छह मार्च तक भुगतान के करीब चार करोड़ रुपये किसानों के खाते में भेज दिए हैं। मिल के प्रधान प्रबंधक लोकेश कुमार ने बताया कि मिल को पेराई के लिए पर्याप्त गन्ना प्राप्त नहीं हो रहा है। किसानों को शेष इंटेंट जारी किया जा रहा है। यदि पर्याप्त आपूर्ति होती रही तो मिल चलती रहेगी।