चीनी मिलों को 31 तक भुगतान करने की चेतावनी
मुजफ्फरनगर। डीएम चंद्रभूषण सिंह ने गन्ना मूल्य भुगतान को लेकर चीनी मिलों के प्रबंधकों की बैठक ली। चार चीनी मिलों को 31 अगस्त तक का समस्त भुगतान करने की चेतावनी दी। उधर, जिले की चार चीनी मिलें अपना पूर्ण भुगतान कर चुकी हैं।
समीक्षा बैठक में डीसीओ डॉ. आरडी द्विवेदी ने बताया कि खतौली, मंसूरपुर, टिकौला और रोहाना चीनी मिल 100 प्रतिशत भुगतान कर चुकी है। इन पर किसानों का कोई बकाया नहीं है। तितावी ने 97.18 प्रतिशत, खाईखेडी 93.11 प्रतिशत, मोरना ने 70.06 प्रतिशत और भैसाना ने 38 प्रतिशत भुगतान किया है। जिले में कुल 89 प्रतिशत भुगतान हो चुका है। डीएम ने चारों चीनी मिलों के प्रबंधकों को 31 अगस्त तक भुगतान करने के निर्देश दिए। इसी के साथ चीनी मिलों से मेंटीनेंस की प्रक्रिया पूरी कर चलाने के लिए तैयार रहने के लिए कहा गया है। खतौली ने 28 अक्तूबर, तितावी ने एक नवंबर, भैसाना ने 25 अक्तूबर, मंसूरपुर ने 25 अक्तूबर, टिकौला ने 29 अक्तूबर, खाईखेडी ने 15 अक्तूबर, रोहाना ने 15 अक्तूबर और मोरना ने एक नवंबर से नए सत्र का प्रारंभ करने की बात कही।
बैठक में उपस्थित सभी चीनी मिलों के यूनिट हेड और प्रतिनिधियों को निर्देशित किया गया कि वे प्रत्येक दशा में 15 अक्टूबर तक अपनी-अपनी चीनी मिलों के रिपेयर का कार्य पूर्ण कर लें। बैठक में एके दीक्षित चीनी मिल मंसूरपुर, सुधीर कुमार चीनी मिल तितावी, कमल रस्तोगी प्रधान प्रबंधक चीनी मिल मोरना, लोकेश कुमार चीनी मिल रोहाना कलां, धीरज कुमार महाप्रबंधक गन्ना चीनी मिल तितावी, कुलदीप राठी महाप्रबंधक गन्ना चीनी मिल खतौली, संजीव कुमार महाप्रबंधक गन्ना चीनी मिल खाईखेडी, नरेश मलिक महाप्रबंधक गन्ना चीनी मिल रोहाना, देवेंद्र कुमार महाप्रबंधक गन्ना चीनी मिल भैसाना उपस्थित रहे।