स्कूल में हंगामा करते छात्रों को समझाते पुलिसकर्मी।
- फोटो : अमर उजाला
खतौली के लाल दयाल पब्लिक स्कूल में एबीवीपी के छात्रों ने दोबारा से रजिस्ट्रेशन फीस वसूलने का आरोप लगाते हुए हंगामा कर दिया। इस दौरान स्कूल के चेयरमैन, स्टॉफ की छात्रों से हाथापाई तक हो गई थी। मारपीट की सूचना पर पुलिस स्कूल में पहुंची और मामला शांत कराया। छात्रों को पुलिस कोतवाली में ले गई, जहां पर छात्रों ने चेयरमैन के विरुद्ध तहरीर दी है।
दयालपुर कॉलोनी में स्थित लाल दयाल पब्लिक स्कूल में बुधवार सुबह अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के सहमंत्री विनोद ठाकुर, जिला प्रमुख गुरुदत्त, प्रशांत मोतला, सुभम मावी, गौरव चौधरी, श्याम रहेजा, शिवम रहेजा आदि छात्र एकत्र होकर पहुंचे और हंगामा कर दिया। छात्रों का आरोप था कि स्कूल के चेयरमैन छात्रों से रजिस्ट्रेशन की फीस दोबारा वसूल कर रहे हैं। छात्रों का कहना था कि उन्होंने रजिस्ट्रेशन फीस जमा कर दी थी, जिसे लेकर एकाउंटेंट फरार हो गया है।
हंगामा होता देख चेयरमैन और स्टाफ के लोग आ गए। स्कूल का गेट बंद करा दिया गया। इसके बाद चेयरमैन, स्कूल स्टॉफ और छात्रों के बीच नोकझोंक के बाद हाथापाई हो गई थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामला शांत कराया। इसके बाद पुलिस छात्रों को लेकर कोतवाली आ गई। छात्रों ने चेयरमैन के विरुद्ध पुलिस को तहरीर दी।