छात्र-छात्राओं ने विकास भवन का घेराव कर मांगी छात्रवृत्ति
मुजफ्फरनगर। छात्रवृत्ति नहीं मिलने से परेशान छात्र-छात्राओं ने विकास भवन का घेराव कर दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी के न मिलने पर कार्यालय में तालाबंदी कर दी। बाद में आश्वासन पर विद्यार्थियों का धरना प्रदर्शन समाप्त हुआ।
शहर के विभिन्न स्कूल व कॉलेजों के छात्र-छात्राएं सोमवार को विकास भवन पहुंचे और छात्रवृत्ति की मांग करते हुए धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। घंटों तक समाज कल्याण विभाग में किसी भी अधिकारी के न मिलने पर विद्यार्थियों का धैर्य जवाब दे गया और जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी के कार्यालय की तालाबंदी कर दी। दोपहर बाद छात्र-छात्राओं के हंगामे की जानकारी पाकर दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी शिवेंद्र कुमार विकास भवन पहुंचे। हंगामा करते हुए विद्यार्थियों ने उन्हें अपने बीच बैठा लिया और कहा कि ज्यादातर बच्चों की छात्रवृत्ति नहीं मिली हैं। उनके पास ईडब्लूएस प्रमाण-पत्र और प्राप्तांक 60 प्रतिशत से अधिक हैं। किसान मजदूर परिवार के सभी विद्यार्थी छात्रवृत्ति पर आश्रित हैं। काफी समय बाद तक भी विद्यार्थी जब जिला सशक्तिकरण अधिकारी के आश्वासन से संतुष्ट नहीं हुए, तो उन्होंने सहारनपुर के डीडी से मोबाइल पर विद्यार्थियों की बात कराई। आश्वासन पर छात्र-छात्राओं ने घेराव समाप्त कर दिया। घेराव व तालाबंदी में एक्की त्यागी, आदित्य शर्मा, प्रशांत तोमर, सौरभ बालियान, पूजा, शिवानी, निशा, विक्रांत, सुमित, शुभम, शिवम, नुपुर त्यागी, फरमान आदि मौजूद रहे।
मेरिट के आधार पर छात्रवृत्ति देने को प्रावधान हैं। निदेशालय के पास फंड नहीं होने पर छात्रवृत्ति नहीं आ पाती। विद्यार्थियों के प्रत्यावेदन लेकर रिपोर्ट लगाकर दोबारा से निदेशालय को भेजे जाएंगे।
-शिवेंद्र कुमार, दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी