स्कूल गए छात्र और छात्राएं, संख्या रही कम
मुजफ्फरनगर। कोरोना के कारण बंद हुई कक्षाएं 11 माह बाद बुधवार को फिर से रोशन हुई। शासन के आदेश पर जूनियर हाईस्कूल खुले। पहले दिन कक्षा आठ के विद्यार्थी स्कूलों में गए, मगर छात्र-छात्राओं की संख्या काफी कम रही। पब्लिक स्कूलों में तो फिर भी विद्यार्थी पहुंचे, लेकिन परिषदीय उच्च प्राथमिक विद्यालयों में करीब 30 प्रतिशत ही विद्यार्थी कक्षाओं में पढ़ने आए। विद्यार्थियों में पढ़ाई को लेकर काफी उत्साह रहा। अधिकांश अभिभावक अभी बच्चों को स्कूल भेजने के पक्षधर नहीं है।
शासन के आदेश पर जिले में भी बुधवार से कक्षा छह से आठ तक की स्कूलों का संचालन शुरू किया गया। शासन की गाइड लाइन है कि रोस्टर के अनुसार बच्चों को स्कूल 50 प्रतिशत की क्षमता के अनुसार ही आना होगा। कक्षा छह के बच्चे सोमवार, बृहस्पतिवार, सात के बच्चे मंगलवार और शुक्रवार तथा कक्षा आठ के विद्यार्थी बुधवार और शनिवार को स्कूल जाएंगे। बुधवार को कक्षा आठ के छात्र-छात्राएं स्कूल गए।
परिषदीय स्कूलों के अलावा पब्लिक स्कूलों में भी कक्षाएं प्रारंभ हुई। कक्षों को सैनिटाइज किया गया था। स्कूलों में प्रवेश द्वार पर विद्यार्थियों की थर्मल स्क्रीनिंग की गई तथा हाथ सैनिटाइज कराए गए। बच्चे मास्क पहन कर स्कूल पहुंचे। पंचमुखी के उच्च प्राथमिक विद्यालय में छात्राओं ने फीता काट कर कक्षा का शुभारंभ किया। शिक्षिका नखद परवीन ने बताया कि कक्षा आठ के 22 विद्यार्थियों में 10 स्कूल आए हैं। झांसी रानी चौक के पास जूनियर हाईस्कूल में पहुंचे पांच बच्चों का स्वागत किया। यहां बेटी फरहीन को छोड़ने आई रहमत नगर निवासी उसकी मां शहनाज ने कहा कि स्कूल खोलने पर बेटी ने ही स्कूल जाने की इच्छा जताई, तो वह स्कूल छोड़ने आई है। महावीर चौक के पास जूनियर हाईस्कूल मेें पांच बच्चे पारस, वंश, आहिना, असद, तरुण पहुंचे। शिक्षिका गुलफ्शा ने बताया कि पहले दिन विद्यार्थी कम आए है।
विद्यार्थियों ने खुशी जताई
मेरठ रोड स्थित शारदेन स्कूल में बच्चों की संख्या काफी रही। गेट पर ही थर्मल स्क्रीनिंग की गई तथा हाथों को सैनिटाइज कराया गया। कक्षा आठ की छात्रा चेतना और छात्र निर्वाण जैन ने कहा कि 11 महीने बाद स्कूल आकर अच्छा लगा। अभी तक ऑनलाइन ही पढ़ाई हो रही थी। स्कूल खुलने पर अच्छा लगा।
कम उपस्थिति रही बच्चों की
शासन के आदेश पर कोविड गाइड लाइन का पालन करते हुए स्कूलों को खोला गया है। रोस्टर से विद्यार्थी स्कूल आएंगे। पहले दिन बुधवार को 30 प्रतिशत ही बच्चे आए हैं, जो काफी कम है। धीरे-धीरे इसमें बढ़ोतरी होगी।
-मायाराम
बीएसए
शाहपुर में जूनियर हाईस्कूल गोकुलपुर में विद्यार्थीयों पढाता शिक्षक।- फोटो : MUZAFFARNAGAR
लबें समय के बाद कक्षाओ में भौतिक रुप से पहुचे शारदेन स्कूल के विद्यार्थी कोरेना पर विजयी चिन्ह ब?- फोटो : MUZAFFARNAGAR