जानसठ। पानीपत-खटीमा हाईवे पर गांव वाजिदपुर कवाली कट के पास प्राइवेट बस ने साइकिल सवार 13 वर्षीय छात्रा को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बस छात्रा को साइकिल समेत काफी दूर तक घसीटती ले गई। हादसे में छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गई।
गांव वाजिदपुर कवाली निवासी भाकियू अराजनैतिक सेवादल के राष्ट्रीय अध्यक्ष महक सिंह सैनी की भतीजी कनिका सैनी (13) पुत्री श्यामलाल सैनी कक्षा नौ की छात्रा है। रविवार सुबह वह जानसठ से ट्यूशन पढ़कर साइकिल से अपने गांव लौट रही थी।
विज्ञापन
जैसे ही वह पानीपत खटीमा हाईवे पर गांव जाने वाले कट के पास पहुंची, तभी मुजफ्फरनगर की ओर से तेज गति से आ रही प्राइवेट बस ने उसकी साइकिल में टक्कर मार दी। हादसे के बाद बस छात्रा को साइकिल सहित काफी दूर तक घसीटती ले गई।
पुलिस ने घायल छात्रा को अस्पताल पहुंचाया। वहां से चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। परिजनों ने बताया कि कनिका का एक हाथ बुरी तरह कुचला गया है। आनंद हॉस्पिटल में छात्रा का उपचार चल रहा है। सीओ ऋषिका सिंह का कहना है कि तहरीर आने पर चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।