प्रशिक्षण केंद्र में छात्रा से छेड़छाड़
मुजफ्फरनगर। शहर के एक प्रशिक्षण केंद्र में नाबालिग छात्रा के साथ छेड़छाड़ की गई। विरोध करने पर छात्रा के साथ बदसलूकी की गई। छेड़छाड़ का आरोप केंद्र संचालक पर लगाया गया है। पीड़िता के पिता ने तहरीर देकर कार्रवाई की गुहार लगाई है।
नई मंडी कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ला निवासी छात्रा ने सोमवार को ही क्षेत्र में स्थित प्रशिक्षण केंद्र में कंप्यूटर क्लास के लिए एडमिशन लिया था। छात्रा के पिता ने केंद्र संचालक पर आरोप लगाया है जब किशोरी क्लास अटेंड करने पहुंची, तो केंद्र संचालक ने उसे अकेले में ले जाकर उसके साथ छेड़छाड़ की। छात्रा के विरोध करने पर आरोपी ने उसका हाथ पकड़कर अभद्र हरकतें करते हुए बदसलूकी भी की। किसी तरह छात्रा ने केंद्र से भागकर जान बचाई और घर पहुंचकर परिजनों को घटना से अवगत कराया। आरोप है कि शिकायत लेकर केंद्र पहुंचने पर आरोपी संचालक ने छात्रा के परिजनों के साथ गाली-गलौज करते हुए उन्हें अंजाम भुगतने की धमकी दे डाली। पीड़ित ने आरोपी केंद्र संचालक के खिलाफ नामजद तहरीर देकर कार्रवाई की गुहार लगाई है। पुलिस तहरीर के आधार पर मामले की जांच कर रही है।