रतनपुरी। पुलिस ने पिछले ग्यारह माह से लापता भनवाड़ा के 14 वर्षीय गुफरान को देवबंद रेलवे स्टेशन से बरामद कर लिया। पुलिस ने उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया। वह एक दिन मदरसे में पढ़ाई के दौरान अनुपस्थित रहने के बाद पिटाई के डर से खुद ही चला गया था।
थाना पुलिस ने बताया कि गांव भनवाड़ा निवासी कुर्बान ने पिछले साल 29 फरवरी को अपने बेटे गुफरान की गुमशुदगी दर्ज कराई थी तलाश के बाद उसका पता नहीं लगा था। शनिवार को पुलिस ने उसे देवबंद से बरामद किया। पूछताछ में बालक गुफरान ने बताया कि वह गांव के ही मदरसे में पढ़ता था। एक दिन वह मदरसे में अनुपस्थित रह गया था। उसे डर था कि मदरसे में जाने पर शिक्षक उसकी पिटाई करेंगे, इसी डर से वह बिना किसी को बताए अपने गांव से एक अज्ञात व्यक्ति की बाइक पर बैठकर पिठलोकर पहुंच गया। वहां से बस में बैठकर सरधना होता हुआ मेरठ पहुंचा। मेरठ में तीन माह तक छोले भटूरे की दुकान पर काम किया। इसके बाद वह मुजफ्फरनगर रेलवे स्टेशन पर आ गया। वहां वह रेन बसेरे में रहा। एक अन्य लड़के के साथ मिलकर उसने ट्रेन में पॉपकोन बेचे। शनिवार को देवबंद स्टेशन से पुलिस ने उसे खोज निकाला। पुलिस ने बताया कि आवश्यक कागजी कार्रवाई के बाद किशोर को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। ग्यारह माह बाद अपने बेटे को सकुशल पाकर परिजनों के चेहरे खिल उठे।