- कॉलेज की दीवार गिरने की फैली थी अफवाह
संवाद न्यूज एजेंसी
जानसठ। गांव मेहलकी स्थित राजकीय इंटर कॉलेज के टॉयलेट में यूरिनल का पार्टिशन टूट कर पैर पर गिरने से छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया। कॉलेज की दीवार गिरने की अफवाह पर एसडीएम रश्मि लांबा ने पहुंचकर निरीक्षण किया।
गांव खलवाड़ा निवासी ओमवीर का 12 वर्षीय पुत्र अमन गांव मेहलकी के राजकीय इंटर कॉलेज में कक्षा 7 का छात्र है। सोमवार दोपहर को मध्यांतर के दौरान छात्र अमन अपने सहपाठियों के साथ टॉयलेट गया था।
बताया गया कि वहां अचानक यूरिनल का पार्टिशन उखड़ कर अमन के पैर पर गिर गया। भारी हिस्सा पैर पर गिरने से छात्र घायल हुआ था। अध्यापकों ने घायल छात्र को सीएचसी पहुंचाया।
छात्र के परिजन भी वहां पहुंच गए। प्राथमिक उपचार के बाद छात्र को जिला अस्पताल रेफर कर दिया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
इस दौरान कॉलेज की दीवार गिरने व कई बच्चे मलबे में दबने की अफवाह फैल गई। एसडीएम रश्मि लांबा, नायब तहसीलदार बृजेश कुमार और पुलिस कॉलेज पहुंची। जांच में दीवार गिरना नहीं, बल्कि टॉयलेट में यूरिनल का पार्टिशन गिरना आया।
-प्रधानाचार्य आनंद कुमार ने बताया कि टॉयलेट में शरारत के दौरान यूरिनल का पार्टिशन उखड़कर छात्र अमन के पैर पर गिर गया था। छात्र की हालत अब ठीक है।
एसडीएम रश्मि लांबा ने बताया कि छात्र के इलाज की व्यवस्था करा दी है। डीएम को बता दिया है। डीआईओएस को पत्र लिखा है कि क्षेत्र के सभी कॉलेज की जर्जर दीवारों, शौचालयों और अन्य भवनों की तत्काल मरम्मत कराई जाए, ताकि भविष्य में कोई हादसा न हो।