एसडी डिग्री कालेज में छात्रों के सघर्ष हुआ सीसीटी कैमरे में कैद।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
डिग्री कॉलेज में भिड़े छात्र गुट, फायरिंग
मुजफ्फरनगर। शहर के भोपा रोड स्थित एक डिग्री कॉलेज में सोमवार दोपहर छात्रों के दो गुटों में जमकर मारपीट हो गई। दोनों पक्षों की ओर से फायरिंग भी की गई। गोली हाथ से छूकर निकलने से एक छात्र व एक दुकानदार समेत चार लोग घायल हो गए। पुलिस ने चार छात्रों को हिरासत में लिया है।
नई मंडी कोतवाली क्षेत्र के भोपा रोड स्थित डिग्री कॉलेज में सोमवार दोपहर छात्रों के दो गुट टशनबाजी को लेकर आमने-सामने आ गए। तीखी नोकझोंक के बाद दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हो गई, जिसके बाद दोनों ही पक्षों द्वारा असलहा निकालकर फायरिंग भी कर दी गई, जिससे हड़कंप मच गया। कॉलेज परिसर में बुक स्टोर चलाने वाले कारोबारी गांव कूकड़ा निवासी अंशुल ने छात्रों में बीचबचाव कराने की कोशिश की, तो उस पर भी हमला कर दिया गया। फायरिंग में एक गोली आदर्श कॉलोनी निवासी छात्र अनमोल के हाथ को छूकर निकलने से वह भी मामूली रूप से जख्मी हो गया, जबकि संघर्ष में दो अन्य छात्र भी घायल हुए। वहीं, दुकानदार पर हमले से आक्रोशित आसपास के दुकानदारों ने इकट्ठा होकर एक छात्र को मौके पर ही दबोचकर उसके साथ जमकर मारपीट कर दी। छात्र गुटों में संघर्ष व फायरिंग की सूचना मिलते ही थाना पुलिस में हड़कंप मच गया। इंस्पेक्टर अनिल कपरवान टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे और घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। इसके साथ ही चार छात्रों को हिरासत में भी ले लिया गया है। पुलिस अपनी ओर से दोनों पक्षों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की तैयारी कर रही है।
सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई घटना
मुजफ्फरनगर। भोपा रोड स्थित डिग्री कॉलेज में छात्र गुटों में हुए संघर्ष की घटना कॉलेज परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। पुलिस ने उक्त कैमरों की फुटेज जांच के लिए कब्जे में ले ली है, जिसके आधार पर हमलावरों को चिह्नित किए जाने के प्रयास किए जा रहे हैं। सीओ मंडी धनंजय सिंह कुशवाहा का कहना है कि कॉलेज परिसर में छात्र गुटों के बीच मारपीट व फायरिंग की गंभीर घटना हुई है। दोनों पक्षों के खिलाफ पुलिस अपनी ओर से मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई करेगी। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हमलावरों को चिह्नित किया जा रहा है।