डीजे पर नाचने के विवाद में संघर्ष, पथराव
रतनपुरी (मुजफ्फरनगर)। गांव टोडा में होली के हुड़दंग में डीजे पर नाचने के विवाद में दो पक्षों में संघर्ष हो गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों की ओर से पथराव होने से अफरातफरी मच गई। संघर्ष में तीन महिलाओं सहित चार लोग घायल हो गए। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर लाठियां फटकार कर भीड़ को खदेड़ा और मामला शांत कराया।
रतनपुरी के गांव टोडा निवासी रणधीर सिंह पुत्र सुखबीर सिंह ने बताया कि दुल्हैंडी वाले दिन उसके पड़ोस के युवक अक्षय एवं काला पुत्रगण कुंवरपाल डीजे पर डांस कर रहे थे। इसी समय उसका बेटा लोकेश भी वहां उनके साथ डांस करने लगा। डीजे पर नाचने को लेकर उसके बेटे लोकेश और उसके पड़ोसी युवकों अक्षय एवं काला के बीच कहासुनी के बाद मारपीट हो गई। इसके बाद ग्रामीणों ने दोनों पक्ष के लोगों को शांत करके घर भेज दिया। इसके कुछ देर बाद ही उसका पड़ोसी कुंवरपाल पुत्र राम सिंह व उसके बेटे अक्षय एवं काला उर्फ आकाश तथा भांजा रवि कुमार पुत्र शेर सिंह निवासी हैदरनगर थाना तितावी लाठी डंडे लेकर उसके घर में घुस गए और उसके परिजनों के साथ मारपीट करने लगे। इसके बाद दोनों पक्षों की ओर से जमकर पथराव भी किया गया। मारपीट व पथराव में उसकी पुत्री राखी एवं पुत्र लोकेश घायल हो गए। इसके अलावा उसके परिवार की ही एक अन्य महिला कैलाशो पत्नी किरणपाल भी घायल हो गई। जबकि दूसरे पक्ष की महिला पूनम पत्नी कुंवरपाल भी घायल हो गई। ग्रामीणों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने सभी घायलों राखी, लोकेश, कैलाशो, पुष्पा को मेडिकल हेतु सीएचसी बुढ़ाना भेजा। घटना के संबंध में रणधीर सिंह ने चार लोगों को नामजद करते हुए तहरीर दी। पुलिस ने चारों आरोपियों कुंवरपाल, अक्षय व काला उर्फ आकाश और रवि कुमार के विरुद्ध एनसीआर दर्ज की है। पुलिस ने एक आरोपी काला उर्फ आकाश को गिरफ्तार कर जेल भेजा है।