मुजफ्फरनगर के भौराकलां के चुनाव जीतने पर समर्थकों के साथ शिकारपुर गांव पहुंचे प्रत्याशी और हारे हुए प्रत्याशी समर्थकों के बीच कहासुनी के बाद पथराव हो गया। दोनों ओर जमकर पत्थर बरसाए गए। पुलिस के पहुंचने के शोर पर लोग भागे। दोनों पक्ष के चार घायलों को शाहपुर के सरकारी अस्पताल में उपचार के लिए ले जाया गया।
भौराकलां थानाक्षेत्र अंतर्गत शिकापुर ग्राम पंचायत की मतगणना के बाद अब्बास को विजयी घोषित किया गया। विजेता समर्थकों के साथ गांव में पहुंचा। इस दौरान घर जाकर मतदाताओं का वोट देने के लिए शुक्रिया अदा कर रहा था। इस दौरान हारे प्रत्याशी के समर्थक से उनकी कहासुनी हो गई।
दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और उनमें जमकर पथराव हुआ। पथराव से अफरातफरी मच गई। इस बीच घरों से कुछ ग्रामीणों ने पुलिस के पहुंचने का शोर मचाया। इस पर दोनों पक्ष के हमलावर मौके से गए। ग्रामीणों के मुताबिक पथराव में अब्बास पक्ष का शहजाद लहूलुहान हुआ। दूसरे पक्ष से जमालू, नूर मोहम्मद, सहराना घायल हो गए।
घायलों को शाहपुर के सरकारी अस्पताल पर ले जाया गया। दोनों पक्षों ने थाने पहुंचकर एक दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगाए और लौट आए। थानाध्यक्ष जितेंद्र कुमार का कहना है कि दो पक्षों में झगड़ा होने की जानकारी मिली है। पुलिस को तहरीर नहीं दी गई है।
नतीजे के बाद विजेता के सामने आने पर आया गुस्सा ः चुनाव परिणाम घोषित होने के कुछ देर बाद विजेता मतदाताओं के घर धन्यवाद अदा करने गया था। इस दौरान पड़ोस में हारे हुए प्रत्याशी का समर्थक चुनावी प्रतिद्वंद्विता के कारण बिना वजह इस प्रकार धन्यवाद अदा करने पर विरोध जताने लगा। माना गया कि वह हार की टीस के कारण ऐसा कर रहा है।