मुजफ्फरनगर में जिला स्तरीय बालिका कबड्डी प्रतियोगिता के फाइनल मैच में बिटावदा ने शौरो टीम को 25-21 के अंतर से पराजित किया। पहले दो स्थान पर रही टीमों की खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया।
खेल निदेशालय के निर्देश पर शनिवार को स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित एक दिवसीय बालिका कबड्डी प्रतियोगिता में छह टीमों ने भाग लिया। पहले मैच में शौरो ने बरला को 21-17 से हरा दिया। दूसरे मैच में रोहाना को 18-11 से पराजित कर स्टेडियम टीम जीत गई। तीसरे मैच में बिटावदा ने तावली को 34-31 से हराया।
सेमीफाइनल में शौरो ने स्टेडियम टीम को 25-21 से शिकस्त दी। इसके बाद फाइनल में बिटावदा की बेटियों ने शौरो की टीम को 25-21 से मात दी। जिला बाक्सिंग संघ के सचिव सतीश कुमार और जिला क्रीड़ा अधिकारी प्रेम कुमार ने बिटावदा और शौरो की खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया। इस मौके पर तनु चौधरी, शहजाद, राजू, चरण सिंह, धीरज मलिक, रामपाल सिंह, संजय सिंह सहरावत, बिजेंद्र फौजी आदि मौजूद रहे। संचालन उप क्रीड़ा अधिकारी राजाराम रहे।
विजेता खिलाड़ी पुरस्कृत
तितावी। श्री दीवान सिंह पब्लिक स्कूल में तीन दिवसीय खेल उत्सव में छात्र-छात्राओं ने खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रबंधक डॉ. विपिन सिंह और प्रधानाचार्य बिजेंद्र तोमर ने विजेताओं को पुरस्कृत किया। कमल कुमार वशिष्ठ, इंद्रपाल सिंह, जय कुमार का सहयोग रहा।