प्रचार सामग्री को लेकर मारामारी की स्थिति
मुजफ्फरनगर। जिला पंचायत, प्रधानी और बीडीसी के प्रत्याशियों की संख्या अधिक होने से जिले में पर्चे ौर बैनर आदि की छपाई करने वाली प्रिंटिंग प्रेस समय से पूर्ति नहीं कर पा रही हैं। परेशान उम्मीदवारों ने अब सहारनपुर की प्रिंटिंग प्रेसों का सहारा लिया है।
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में प्रचार का आधार इस बार पर्चे और बैनर, पोस्टर बने हैं। इन्हें छापने वाली प्रिंटिंग प्रेस पर चुनाव चिह्न जारी होने के बाद से ही मारामारी है। प्रत्याशी एडवांस पैसा दे चुके हैं, लेकिन उन्हें समय से सामग्री नहीं मिली है। प्रतिदिन विवाद की स्थिति बनी है। सहारनपुर में चुनाव हो जाने से यहां प्रिंटिंग प्रेस के संचालक जहां सहारनपुर से प्रिंट करा रहे हैं, वहीं बड़ी संख्या में उम्मीदवार सीधे सहारनपुर पहुंच गए हैं। समय से सामग्री नहीं छपने से परेशान जिला पंचायत सदस्य पद की प्रत्याशी रूबी गुर्जर ने बताया कि तीन दिन चुनाव के रह गए हैं। नगद पैसा जमा करने के बाद भी समय पर उन्हें सामग्री नहीं मिली है। इसी तरह की समस्या सैकड़ों प्रत्याशी के सामने है। रालोद नेता सुधीर भारतीय ने बताया कि सहारनपुर बात करके प्रत्याशियों की समस्या का निराकरण हो गया है। वहां पर चुनाव हो चुका है, इसलिए वहां से तेजी से सामग्री मिल रही है। भाजपा, सपा और निर्दलीय प्रत्याशियों के सामने भी इस तरह की समस्या है।