महिलाओं की सुरक्षा पर विचार विमर्श किया
मुजफ्फरनगर। उप्र राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष सुषमा सिंह ने निरीक्षण भवन में अधिकारियों के साथ महिला संबंधी मुद्दों पर चर्चा की गई। इसके साथ ही उत्तर प्रदेश रानी लक्ष्मीबाई महिला एवं बाल सम्मान कोष योजना की समीक्षा की।
समीक्षा बैठक में जिला प्रोबेशन अधिकारी ने बताया कि जिला संचालन समिति के स्तर पर 244 प्रकरणों को आर्थिक सहायता दिये जाने हेतु स्वीकृत किया गया है, जिनमें से 181 बालिकाओं-महिलाओं को आर्थिक क्षतिपूर्ति की धनराशि का भुगतान सीधे पीड़िता के खाते में पीएफएमएस प्रणाली के माध्यम से कर दिया गया है। 31 नवीन प्रकरणों को जिला संचालन समिति के स्तर पर स्वीकृत किए गए है। बैठक में उपाध्यक्ष सुषमा सिंह ने अधिकारियों को नियमावली, 2015 एवं शासनादेश में निहित प्राविधानों के अंतर्गत नियमानुसार प्रकरणों में पीड़िताओं को सम्मान कोष योजना में आर्थिक सहायता दिए जाने के निर्देश दिए। कहा कि सम्मान कोष योजना प्रदेश सरकार की एक महत्वाकांक्षी योजना है, जिसमें पीड़िताओं को समय पर आर्थिक सहायता दिया जाना आवश्यक है। सुषमा सिंह बुधवार यानि आज सुबह दस बजे जिले के सभी अधिकारियों के साथ महिला संबंधी योजनाओं की समीक्षा कलक्ट्रेट सभागार में करेंगी। इसके बाद महिला जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित होगा। जिसमें वे महिलाओं की समस्याएं सुनेंगी।