कलक्ट्रेट में अधिकारियों की बैठक लेते डीएम।
- फोटो : अमर उजाला
डीएम जीएस प्रियदर्शी ने कहा कि नगर पालिका एवं नगर पंचायतों में स्वच्छता संबंधी कार्य तेजी से कराए जाएं। निकायों को और अधिक सुंदर और स्वच्छ बनाया जाए। ठोस एवं द्रव अपशिष्ट प्रबंधन की उचित व्यवस्था करें। मुख्य बाजारों में कूड़ा एकत्रित करने के लिए 75 मीटर की दूरी पर कूड़ेदान रखे जाने की व्यवस्था होनी चाहिए। उन्होंने सफाई व्यवस्था की मॉनिटरिंग कराए जाने के निर्देश सभी अधिशासी अधिकारियों को दिए।
कलक्ट्रेट सभागार में जिले की सभी निकायों अध्यक्षों और ईओ की बैठक में डीएम ने कहा कि गंदगी पर प्रभावी नियंत्रण के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं और इन कैमरों के माध्यम से स्वच्छता कार्यों की मॉनिटरिंग कराई जाए।
नगर पालिका परिषद मुजफ्फरनगर एवं बुढ़ाना की तर्ज पर ही डंपिंग ग्राउंड बनवाए जाएं और यह सुनिश्चित किया जाए कि प्रतिदिन एकत्रित कूड़ा डंपिंग ग्राउंड में भेजा जाए। छह निकायों में अभी डंपिंग ग्राउंड के लिए भूमि की उपलब्धता नहीं की गई है, भूमि चिह्नित कर क्रय करने की कार्यवाही करें और डम्पिंग ग्राउंड बनाएं। जिन निकायों में डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन की व्यवस्था नहीं हो पाई है, वे तुरंत व्यवस्था को चालू करें।
मीरापुर एवं भोकरहेड़ी में डंपिंग ग्राउंड के लिए जमीन क्रय कर ली गई है। अन्य अपनी न्यूनतम आवश्यकता के अनुरूप भूमि क्रय कर लें। बुढ़ाना मेें कूड़े से वर्मी कम्पोस्ट किट बनाए गए हैं। उन्होंने बताया कि नगर पालिका परिषद मुजफ्फरनगर में कूड़ा उठाने के लिए ठेका दिया गया है।
सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट के लिए भूमि की व्यवस्था होनी चाहिए। सफाई कर्मियों को दस्ताने, मास्क, जूते आदि उपलब्ध कराए जाएं। इस अवसर पर एडीएम प्रशासन हरीश चंद्र, डीएफओ, निकायों के चेयरमैन एवं ईओ तथा संबंधित विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे।